स्विटजरलैंड के स्टार टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर विंबलडन के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। 39 वर्षीय फेडरर ने 23वें नंबर के खिलाड़ी लॉरेंजो सोनेगो को 7-5, 6-4, 6-2 से हराकर 18वीं बार विंबलडन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में सफल रहे।
8 बार विंबलडन का खिताब जीत चुके रोजर फेडरर अंतिम आठ में जगह बनाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। प्री क्वार्टर फाइनल के शुरुआती सेट में सोनेगे ने रोजर फेडडर को कड़ी टक्कर दी। लेकिन फेडरर अपने प्रतिद्वंदी सोनेगो को 2 घंटे 11 मिनट चले मुकाबले में हराने में सफल रहे।
अंतिम-16 के खेले गए इस मैच में बारिश ने खलल डाला जिसके चलते खेल कुछ समय तक बंद रहा। उस समय पहले सेट में फेडरर और सोनेगो 5-5 की बराबरी पर थे। इसके बाद जब मैच फिर शुरु हुआ तो इटली के खिलाड़ी ने डबल फॉल्ट की। जिसके बाद उन्हें फेडरर को रोकना मुश्किल हो गया।
मैच के दौरान रोजर फेडरर ने शानदार टेनिस खेली। वह अंतिम दो सेटों में पूरी तरह से नियंत्रण में दिखे क्योंकि उन्होंने दुनिया को बताया कि अभी उनमें बहुत दम बाकी है। अंतिम आठ में रोजर फेडरर का मुकाबला दानिल मेदवेदेव और हर्बट ह्यूर्काज के बीच खेलने जाने वाले मैच के विजेता से होगा्। दोनों खिलाड़ियों के बीच खेला गया यह मैच भी बारिश के चलते निलंबित कर दिया गया था। जिसे मंगलवार को पूरा किया जाएगा।
इसके अलावा 20 वर्षीय कनाडा के टेनिस खिलाड़ी ऑगर अलियासिमे के लिए क्वार्टर फाइनल मुकाबला बहुत महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने दुनिया के चौथे वरीयता प्राप्त खिलाड़ी अलक्जेंडर ज्वेरेव को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। प्री क्वार्टर फाइनल में अलियासिमे ने ज्वेरेव को 6-4 7-6 3-6 3-6 6-4 से शिकस्त दी। दोनों खिलाड़ियों के बीच यह मुकाबला 4 घंटे से ज्यादा समय तक चला था।