भारत के अनुभवी खिलाड़ी रोहन बोपन्ना और कनाडा के उनके जोड़ीदार डेनिस शापोवालोव की जोड़ी ने छठे वरीय केविन क्राविट्ज और आंद्रियास मिएस की जोड़ी को कड़े मुकाबले में हराकर पुरुष युगल के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। भारत और कनाडा की गैरवरीय जोड़ी ने शनिवार को हुए इस दूसरे दौर के मुकाबले में पहला सेट गंवाने के बाद वापसी करते हुए जर्मनी की जोड़ी को एक घंटा और 47 मिनट में 4-6 6-4 6-3 से शिकस्त दी।
बोपन्ना और शापोवालोव क्वार्टर फाइनल में जीन जूलियन रोजर और होरिया तेकाऊ की जोड़ी से भिड़ेंगे। सुमित नागल और दिविज शरण के बाहर होने के बाद बोपन्ना टूर्नामेंट में एकमात्र भारतीय खिलाड़ी बचे हैं। सुमित नागल को एकल वर्ग के दूसरे दौर में आस्ट्रिया के दूसरे वरीय और दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाड़ी डोमीनिक थीम के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था जबकि दिविज और सर्बिया के उनके जोड़ीदार निकोला केसिच को पुरुष युगल के पहले दौर में ही निकोला मेकटिक और वेस्ली कूलहोफ की आठवीं वरीय जोड़ी के खिलाफ शिकस्त झेलनी पड़ी।
दिन के अन्य मुकाबलों में 16वीं वरीय एलिस मर्टेन्स, 20वीं वरीय कैरोलिन मुकोवा और स्वेताना पिरोनकोवा भी चौथे दौर में जगह बनाने में सफल रहीं। स्वेताना ने उलटफेर करते हुए 18वीं वरीय डोना वेकिच को 6-4, 6-1 से हराया। पुरुष वर्ग में 2019 के उप विजेता डेनिल मेदवेदेव और एक साल पहले सेमीफाइनल में जगह बनाने वाले छठे वरीय मतियो बेरेटनी ने जीत दर्ज की। 10वें नंबर के खिलाड़ी एंड्रे रूबलोव, 15वें वरीय फेलिक्स आगर एलिसिम, 21वें वरीय एलेक्स डि मिनोर और वासेक पोसपिसिल ने भी चौथे दौर में प्रवेश किया। पोसपिसिल ने आठवें वरीय रोबर्टो बातिस्ता आगुत को 7-5, 2-6, 4-6, 6-3, 6-2 से हराया। वह अगले दौर में डि मिनोर से भिड़ेंगे जिन्होंने 11वें वरीय कारेन खचानोव को 6-4, 0-6, 4-6, 6-3, 6-1 से शिकस्त दी।
सक्कारी ने एनिसिमोवा को हराया
मारिया सक्कारी लगातार दूसरे ग्रैंडस्लैम में चौथे दौर में पहुंच गई जिन्होंने 55 मिनट के भीतर अमेरिका की अमांडा एनिसिमोवा को 6-3, 6-1 से हराया। 22वीं वरीयता प्राप्त एनिसिमोवा ने 28 सहज गलतियां की और चार विनर लगाए। 15वीं वरीयता प्राप्त सक्कारी ने आठ गलतियां की। अब उनका सामना सेरेना विलियम्स या स्लोएने स्टीफेंस से होगा।