गत चैंपियन और दुनिया की दूसरे नंबर की खिलाड़ी रूस की मारिया शारापोवा ने फ्रेंच ओपन में अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत की। हालांकि पुरुषों में पांचवीं सीड चेक गणराज्य के टॉमस बर्डिच को पहले राउंड में ही उलटफेर का शिकार होना पड़ा।
महिलाओं के पहले राउंड में रूसी ग्लैमर गर्ल ने ताईवान की सीह सू वेई को 6-2, 6-1 से बाहर का रास्ता दिखाया। नौवीं सीड ऑस्ट्रेलिया की सामंथा स्टोसर ने जापान की किमिको डाटे करुम को 6-0, 6-2 से शिकस्त दी जबकि कोलंबिया की मारियन डेक्यू ने चेक गणराज्य की क्रिस्टीना पलिस्कोवा को 6-2, 6-0 से हराया।
पुरुषों में फ्रांस के गाले मोंफिल्स ने चार घंटे तक चले जबरदस्त मुकाबले में बर्डिच को 7-6, 6-4, 6-7, 6-7, 7-5 से हरा दिया। बर्डिच को हराने के बाद दुनिया के 81वें नंबर के खिलाड़ी मोंफिल्स ने कहा,‘धन्यवाद,यह जीत अविश्वसनीय थी।’
एक अन्य उलटफेर में 17वीं वरीय अर्जेंटीना के जुआन मोनाको को स्पेन के डेनियल ट्रेवर ने 4-6, 4-6, 7-6 6-4 से हरा दिया। दूसरे राउंड में पहुंचने वालों में 19वीं सीड अमेरिका के जॉन इस्नर शामिल हैं, जिन्होंने अर्जेंटीना के कार्लोस बेर्लोक को 6-3, 6-4, 6-4 से हराया।
वहीं ऑस्ट्रेलिया के बर्नाड टॉमिक के रिटायर होने से रोमानिया के विक्टर हानेस्कू अगले राउंड में पहुंच गए। हालांकि हानेस्कू तब तक 7-5, 7-6, 2-1 से आगे थे। कोलंबिया के एलेजांद्रो फाला के रिटायर होने से 26वें सीड बुल्गारिया के ग्रिगोर दिमित्रोव भी दूसरे राउंड में पहुंच गए।