फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के सिंगल्स में सोमदेव देववर्मन के रूप में भारत की एकमात्र चुनौती का अगला मुकाबला बेहद कड़ा और मुश्किल भरा है।
अपने कैरियर में अपने से कई शीर्षस्थ खिलाड़ियों को मात देने वाले सोमदेव को अब उस खिलाड़ी से भिड़ना है जिसने टेनिस के ओपन एरा में सर्वाधिक ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने का रिकॉर्ड रच रखा है।
लाल बजरी पर गैरवरीय सोमदेव ने पहले दौर के मुकाबले में स्पेन के डैनियल मुनोज डी ला नावा को हराया था। सोमदेव ने रविवार को स्पेनिश प्रतिद्वंद्वी को तीन सेट में 6-3, 6-3, 7-5 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया था।
सोमदेव को तीसरे दौर में पहुंचने के लिए एक बड़ी बाधा पार करनी होगी। उन्हें दूसरे दौर में टेनिस में सबसे सफल खिलाड़ी रोजर फेडरर का सामना करना होगा। फेडरर रिकॉर्ड 17 ग्रैंड स्लैम खिताब पर कब्जा जमा चुके हैं और वह 18वें ग्रैंड स्लैम जीतने की तैयारियों में जुटे हैं।
रोलां गैरो के पूर्व चैंपियन फेडरर ने पहले दौर में 166वें नंबर के स्पेनिश क्वालीफायर पाबलो कैरेनो-बुस्टा को 6-2, 6-2, 6-3 से हराकर अगले दौर में पहुंचे थे। 21 साल के इस स्पेनिश खिलाड़ी ने इस सत्र में बेहद शानदार शुरुआत की और 654 रैंकिंग से शुरुआत करने के बाद वह 166वीं पायदान तक पहुंच आए। इस दौरान उन्होंने 7 फ्यूचर्स मुकाबले जीते हैं।
रोलां गैरो में 15वीं बार अपनी चुनौती पेश कर रहे सेकेंड सीडेड फेडरर सोमदेव के मुकाबले कहीं सशक्त हैं और इस स्विस चुनौती से पार पाने के लिए सोमदेव को खासा मशक्कत करनी होगी। फेडरर लगातार 54वां ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में भाग ले रहे हैं।