दुनिया की नंबर वन सेरेना विलियम्स 17वें ग्रैंड स्लैम खिताब के लिए यूएस ओपन के फाइनल में पहुंच गई हैं।
फाइनल में पहुंचने के साथ ही सेरेना के पास अब यूएस ओपन जीतकर सबसे बुजुर्ग महिला खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल करने का मौका है।
खिताबी जंग में सेरेना को दुनिया की नंबर दो विक्टोरिया अजारेंका का सामना करना होगा। दोनों के लिए यह एक तरह से पिछले फाइनल की तरह होगा।
सेरेना ने पिछले साल अजारेंका को फाइनल में हराया था। अगर वह इस बार यह खिताब जीत जाती हैं तो उनके सात फाइनल में यह पांचवीं खिताबी जीत होगी। सेरेना 21वीं बार किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंची हैं।
साल के अंतिम ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचने के लिए सेरेना ने चीन की ली ना को 6-0, 6-3 से हराया। जबकि अजारेंका ने इटली की फ्लेविया पेनेटा को सीधे सेटों में 6-4, 6-2 से हराया था।
मिरनई-हलावाकोवा को मिक्स्ड डबल्स खिताब
चेक गणराज्य की आंद्रिया हलाकोवा और बेलारूस के मैक्स मिरनई की जोड़ी ने अमेरिका की एंद्रियास स्पीयर्स और मैक्सिको के एस गोंजालेज की जोड़ी को सीधे सेटों में हराकर मिक्स्ड डबल्स का खिताब जीत लिया।
सातवीं सीड हलाकोवा और मिरनई की जोड़ी ने गैर वरीय स्पीयर्स और गोंजालेज की जोड़ी को 7-6, 6-3 से हराकर साल के आखिरी ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट पर कब्जा जमाया।