विश्व की तीसरी वरीयता प्राप्त महिला टेनिस खिलाड़ी सिमोना हालेप टोक्यो ओलंपिक में नहीं खेलेंगी। खेलों के इस महांकुभ में भाग न लेने की वजह बताते हुए उन्होंने कहा, उऩकी पिंडली में लगी चोट समय रहते ठीक नहीं होगी। चोट के चलते सिमोना कुछ प्रतिष्ठित टेनिस टूर्नामेंट नहीं खेल पाई हैं।
इससे पहले सिमोना हालेप ने चोट की वजह से पिछले सप्ताह विंबलडन से अपना नाम वापस ले लिया था। 30 जूलाई से टोक्यो में शुरू होने वाले ओलंपिक से सेरेना विलियम्स, राफेल नडाल और बीते साल यूएस ओपन चैंपियन डोनिमिक थीएम भी अपना नाम वापस ले चुके हैं।
सिमोना हॉलेप ने सोमवार (29 जून) को ट्वीट कर कहा, मेरे लिए रोमानिया का प्रतिनिधित्व करने से ज्यादा गर्व की कोई बात नहीं है, लेकिन दुख की बात है कि मुझे अभी पिंडली की चोट से उबरने में वक्त लगेगा, इसलिए मैंने टोक्यो ओलंपिक से हटने का फैसला किया है।
29 वर्षीया सिमोना बीते महीने रोम में एक क्लेकोर्ट प्रतियोगिता के दौरान दूसरे राउंड में एंजेलिक कर्बर के खिलाफ मैच में चोटिल हो गर्ई थीं जिसके बाद वह फ्रेंच ओपन नहीं खेल पाई थीं। उन्होंने आगे लिखा कि मेरे लिए फ्रेंच ओपन और विंबलडन के बाद ओलंपिक में न खेलना काफी निराशाजनक है, लेकिन मैं जोरदार वापसी करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।
साल 2012 में लंदन ओलंपिक में शुरूआती दौर में सिमोना को हार का सामना करना पडा था। वहीं 2016 रियो ओलंपिक में उन्होंने जीका वायरस के चलते भाग नहीं लिया। विश्व की पूर्व नंबर 1 खिलाड़ी रही सिमोना ने ग्लैंड स्लैंम सहित टेनिस की कई प्रतियोगिताएं जीतने में सफलता प्राप्त की है।