विंबलडन चैंपियन ब्रिटेन के एंडी मरे और चौथी सीड स्पेन के राफेल नदाल ने रोजर्स कप टेनिस टूर्नामेंट के तीसरे राउंड में जगह बना ली है। लेकिन फ्रेंच ओपन उपविजेता डेविड फेरर को दूसरे ही राउंड में उलटफेर का सामना करना पड़ा है।
मॉन्ट्रियल में खेले जा रहे टूर्नामेंट में मरे ने दूसरे दौर में स्पेन के मार्सेल ग्रेनोलर्स को 6-4, 7-6 से शिकस्त दी, जबकि नदाल ने वाइल्ड कार्ड प्रवेशी कनाडा के जेस लेवाइन पर 6-2, 6-0 से जीत दर्ज की।
विंबलडन जीतने के बाद मरे का यह पहला मैच था, जबकि नदाल भी विंबलडन के पहले राउंड से बाहर होने के बाद पहली बार कोर्ट पर उतरे थे। लेकिन तीसरी सीड फेरर को रूस के क्वालीफायर एलेक्स बोगोलोमोव जूनियर ने 6-2, 6-4 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
छठी सीड जुआन मार्टिन डेल पोत्रो और 11वीं सीड कनाडा के मिलोस राओनिक भी तीसरे राउंड का टिकट कटाने में सफल रहे। पोत्रो को क्रोएशिया के इवान डोडिग को 6-4, 4-6, 7-5 से हराया। तीसरे राउंड में मरे का सामना लात्विया के अर्नेस्ट्स गुल्बिस से होगा, जिन्होंने इटली के फेबियो फोग्निनी को 6-3, 1-6, 6-1 से शिकस्त दी।
बोपन्ना-बैगीमैन की जोड़ी हारी
भारत के रोहन बोपन्ना और उनके जर्मन जोड़ीदार आंद्रे बैगीमैन को रोजर्स कप टेनिस टूर्नामेंट के पहले ही राउंड में हार का सामना करना पड़ा।
बोपन्ना-बैगीमैन की गैर-वरीय जोड़ी को पोलैंड के येर्जी यांकोविच और ब्रिटेन के इंग्लोट डोमिनिक ने लगातार सेटों में 7-6, 6-4 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
लिएंडर पेस और चेक गणराज्य के रादेक स्टेपानेक को पहले राउंड में बाई मिली है। वे दूसरे राउंड में ब्रिटेन के एंडी मरे और कोलिन फ्लेमिंग के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेंगे। ब्रिटिश जोड़ी ने पहले राउंड में फ्रांस के जूलियन बनेतू और सर्बिया के नेनाद जिमोनजिच को 1-6, 6-4, 10-6 से शिकस्त दी।
सानिया-झेंग दूसरे राउंड से बाहर
सानिया मिर्जा और उनकी चीनी जोड़ीदार झेंग जी की महिला जोड़ी को टूर्नामेंट के दूसरे राउंड में हार का सामना करना पड़ा है।
सानिया-झेंग को जार्जिया के ओक्साना कलाशनिकोवा और पोलैंड की एलिजा रोसोल्स्का के हाथों 6-3, 1-6, 6-10 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। कलाशनिकोवा और रोसोल्स्का का क्वार्टर फाइनल में अब मुकाबला एलेना वेस्नीना और एकातेरिना मकारोवा की दूसरी सीड रूसी जोड़ी से होगा।