सोमदेव देववर्मन फ्रेंच ओपन के दूसरे राउंड में पूर्व नंबर एक खिलाड़ी रोजर फेडरर के सामने चुनौती नहीं पेश कर सके और उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
हालांकि भारतीय टेनिस स्टार लिएंडर पेस और उनके आस्ट्रियन जोड़ीदार जुर्गेन मेल्जर फ्रेंच ओपन के दूसरे राउंड में प्रवेश करने में सफल रहे। लेकिन महेश भूपति और रोहन बोपन्ना की जोड़ी शुरुआती दौर में ही हार गई।
सोमदेव फेडरर के सामने कहीं टिक नहीं सके और सीधे सेटों में 6-2, 6-1, 6-1 से मुकाबला गंवा बैठे। सोमदेव और फेडरर के बीच मुकाबला बिल्कुल एकतरफा रहा जिसमें फेडरर ने मात्र एक घंटे 22 मिनट में बाजी मार ली। हालांकि सोमदेव तीन बार फेडरर की सर्विस ब्रेक करने के करीब पहुंचे लेकिन हर बार नाकाम रहे।
भारतीय टेनिस स्टार महेश भूपति और रोहन बोपन्ना की जोड़ी पुरुष युगल मुकाबले के पहले राउंड में ही हार के साथ बाहर हो गई जबकि लिएंडर पेस और उनके आस्ट्रियन जोड़ीदार जुर्गेन मेल्जर दूसरे राउंड में प्रवेश करने में सफल रहे।
चौथी सीड भारतीय जोड़ी भूपति और बोपन्ना को गैर वरीय पोलैंड के टोमाज बेदनारेक और जर्जी जैंकोविच की जोड़ी ने लगातार सेटों में 5-7, 4-6 से मात देकर दूसरे राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली।
शुरुआती दौर के मुकाबले में भूपति और बोपन्ना की भारतीय जोड़ी का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा और गैर वरीय जोड़ी से एक भी सेट जीतने में नाकाम रहे।
हालांकि अनुभवी लिएंडर पेस ने भारतीय उम्मीदों को जिंदा रखा और मेल्जर के साथ लगातार सेटों में जीत दर्ज कर दूसरे राउंड में प्रवेश कर लिया। नौंवी सीड पेस और मेल्जर की जोड़ी ने एक घंटे से भी कम समय में पियरे ह्यूज हर्बट और निकोलस रेनावंद को 6-3, 6-3 से मात दी।