सर्बिया के इस स्टार खिलाड़ी ने कहा, 'इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए अभी लंबा रास्ता तय करना है। मैं बहस का हिस्सा नहीं बनना चाहता। मैं किसी से तुलना नहीं करना चाहता।' जोकोविच ने आगे कहा, 'मुझे पता है कि बहुत सारी चीजें कतार में हैं। मुझे यह भी मालूम है कि मैं इतिहास रचने के दहलीज पर खड़ा हूं। इस जगह पर आने के लिए मैंने कड़ी मेहनत की है। इस स्थान पर आकर मैं खुद को गौरवान्वित महसूस करता हूं। अभी मेरा सारा फोकस अगली चुनौती पर है।'
टोक्यो रवाना होने से पहले जोकोविच ने कहा था कि वो टोक्यो में मिलने वाली चुनौती से अच्छी तरह अवगत हैं। 34 वर्षीय सर्बियाई स्टार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, 'टोक्यो में कई खिलाड़ी हैं। अगर मैं नाम लूं तो दानिल मेदवेदेव, स्टेफानोस सितसिपास और एलेक्जेंडर ज्वेरेव। वे संभवत: सबसे कड़े प्रतिद्वंद्वी हैं लेकिन यह लंबा टूर्नामेंट है और कुछ भी हो सकता है।' गौरतलब है कि सर्बिया के इस टेनिस स्टार ने हाल ही में विंबलडन का खिताब जीतकर रोजर फेडरर और रफेल नडाल के 20 एकल ग्रैंडस्लैम खिताब के रिकॉर्ड की बराबरी की थी।
बता दें कि रोजर फेडरर, राफेल नडाल, डोमिनिक थिएम और निक किर्गियोस जैसे शीर्ष पुरुष खिलाड़ी टोक्यो ओलंपिक में भाग नहीं ले रहे हैं। इस लिहाजसे जोकोविच का जीतना तय माना जा रहा है। बता दें कि जोकोविच 2008 बीजिंग ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था।