भारतीय बैडमिंटन सनसनी सायना नेहवाल ने ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप के सेमीफइनल में पहुंच गई हैं। हालांकि पुरुष वर्ग में पी कश्यप चीन के चेन लांग से हारकर बाहर हो गए।
दुनिया की नंबर तीन खिलाड़ी सायना ने स्थानीय नेशनल इंडोर एरेना में खेले गए क्वार्टरफाइनल में छठी वरीय चीन की शिजियान वांग को हराया। दोनों के बीच करीब एक घंटे 14 मिनट तक चले कड़े संघर्ष में 23-21, 19-21, 21-16 से हरा दिया।
सायना का सेमीफाइनल में आठवीं वरीय थाईलैंड की इंतानोन रत्नाचोक से मुकाबला होगा, जिन्होंने जर्मनी की जूलियन शेंक को 13-21, 21-12, 21-8 से हराकर उलटफेर किया। सायना और थाई खिलाड़ी के बीच अब तक छह मुकाबले हुए हैं जिनमें सायना ने चार में जीत दर्ज की है।
पुरुष वर्ग में विश्व के नौवें नंबर के खिलाड़ी और लंदन ओलंपिक के क्वार्टरफाइनलिस्ट कश्यप को दूसरी सीड चीन के चेन लांग के हाथों 16-21, 10-21 से हार का सामना करना पड़ा।
कश्यप ने प्रीक्वार्टरफाइनल में विश्व के छठे नंबर के खिलाड़ी जापान के केनिची तागो पर 21-18, 21-12 से सनसनीखेज जीत दर्ज की थी लेकिन लांग के समक्ष वह कोई खास चुनौती पेश नहीं कर पाए।