आर्सेनल के ग्रैनिट जाका चोट की वजह से टीम से बाहर हो गए हैं।
- फोटो : सोशल मीडिया
प्रीमियर लीग क्लब आर्सेनल को बुधवार को बड़ा झटका लगा। टीम के अहम खिलाड़ियों में शामिल ग्रैनिट जाका चोटिल हो गए हैं। वह घुटने में चोट से जूझ रहे हैं और उन्हें ठीक होने में करीब तीन महीने का वक्त लगेगा। मिडफील्डर जाका को टोटेनहम के खिलाफ मैच में चोट लगी।
जाका को टोटेनहम के खिलाफ मैच में 82वें मिनट के बाद मैदान से वापस बुला लिया गया था। यह मैच आर्सेनल ने 3-1 से जीता था। मैच के दौरान विपक्षी टीम के खिलाड़ी लुकस मौरा से उन्हें टक्कर लगी थी। आर्सेनल ने कहा है कि जाका को सर्जरी की जरूरत नहीं पड़ेगी। वे तीन महीने में खुद ठीक हो जाएंगे।
क्लब ने अपने बयान में कहा- मंगलवार को लंदन में डॉक्टर से सलाह ली गई। उन्होंने सर्जरी नहीं कराने को कहा है। वे खुद ही रिकवर कर जाएंगे, बस उन्हें आराम की जरूरत है। हम चाहते हैं कि जाका जल्द से जल्द मैदान पर वापसी करें।
29 साल के जाका ने हाल ही में कोरोना वायरस को मात दी थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी बात सीरी-ए क्लब एस रोमा से भी चल रही है। हालांकि, इन सब कयासों के बीच जाका ने आर्सेनल से ही एक साल का करार किया। उन्होंने अब तक इस क्लब के लिए कुल पांच मैच खेले हैं।