2008 बीजिंग ओलंपिक में 10 मीटर एयर राइफल में स्वर्ण पदक जीतने वाले बिंद्रा ने एक्स पर लिखा, 'भारतीय पुरुष हॉकी टीम, हर कदम पर साहस के साथ, आपने कांस्य पदक जीता जो सोने की चमक से दमक रहा है। आप सभी ने गर्व के साथ तिरंगा फहराया, हमें एक ऐसा पल देने के लिए आप सभी का धन्यवाद जो पीढ़ियों तक हमारे दिलों में गूंजता रहेगा।' खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि यह जीत भारतीय खिलाड़ियों की प्रतिबद्धता का सबूत है। उन्होंने कहा, आपके असाधारण प्रदर्शन और ‘टीम वर्क’ ने भारतीय खेलों का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिखाया। यह जीत देश के लिए गर्व का पल है और आपकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।