भारतीय एथलीट अविनाश साबले ने सोमवार को पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा के फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया। वह 8:15.43 के समय के साथ अपनी हीट में पांचवें स्थान पर हैं। इसी के साथ साबले इस स्पर्धा के फाइनल में पहुंचने वाले भारत के पहले एथलीट बन गए।
तीन हीट के शीर्ष पांच-पांच स्थान पर रहने एथलीट्स ने फाइनल का टिकट कटाया। साबले की हीट में मोरोक्को के मोहम्मद तिंडौफत ने अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन आठ मिनट 10.62 सेकंड के समय के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। साबले ने कई बार अपने ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड को बेहतर किया है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन आठ मिनट 09.94 सेकंड है जो उन्होंने पिछले महीने की शुरूआत में पेरिस डायमंड लीग हासिल किया था।
29 वर्षीय खिलाड़ी ने रेस की अच्छी शुरुआत की और पहले 1000 मीटर के बाद शीर्ष पर रहे, लेकिन इसके बाद कीनिया के अब्राहम किबिवोट ने बढ़त बना ली और साबले चौथे स्थान पर फिसल गये। वह 2000 मीटर की दूरी को पांच मिनट 28.7 सेकेंड में पूरी करने के बाद तीसरे स्थान पर थे। इस स्पर्धा का फाइनल सात और आठ अगस्त की रात को होगा।