लास्को में खेले जा रहे डब्ल्यूटीटी कंटेंडर टूर्नामेंट में भारत की स्टार टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा ने महिला सिंगल्स में कांस्य पदक जीत लिया। शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल मैच में उन्हें चीन की वैंग यिडी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। जिसके चलते उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। इस मुकाबले में चीनी खिलाड़ी ने मनिका को 2-4 से हराया। टोक्यो ओलंपिक के बाद विवादों में रहीं मनिका का यह पहला खिताब है।
चीनी खिलाड़ी ने 2-4 से दर्ज की जीत
सेमीफाइनल मैच में मनिका को चीन की वैंग यिडी ने 2-4 से हराया। चीनी खिलाड़ी ने इस दौरान शानदार खेल दिखाते हुए 11-7, 7-11, 13-11, 10-12, 11-7, 11-5 से भारतीय खिलाड़ी पर जीत दर्ज करने में सफल रही। इस दौरान मनिका ने भी शानदार प्रदर्शन किया लेकिन वह यि़डी से पार नहीं पा सकीं।
डबल्स के फाइनल में पहुंची मनिका-अर्चना
इससे पहले मनिका बत्रा और अर्चना गिरीश कामथ की जोड़ी डब्ल्यूटीटी कंटेंडर टूर्नामेंट के महिला डबल्स के फाइनल में पहुंच गई। सेमीफाइनल मुकाबले में मनिका और अर्चना ने वैंग यिडी और और उनकी जोड़ीदार लियू वेशान को शिकस्त दी। भारतीय महिला जोड़ी ने यह मुकाबला 11-6, 8-11, 11-6, 5-11, 11-8 से अपने नाम किया। इस जीत के बाद मनिका बत्रा और अर्चना कामथ ने रजत पदक पक्का कर लिया है। महिला सिंगल्स के सेमीफाइनल में वैंग यिडी से हारने वाली मनिका ने डबल्स में शानदार खेल दिखाया। उन्होेंने अपनी जोड़ीदार के साथ यिडी और उनकी साथी खिलाड़ी को टिकने नहीं दिया।