मांसपेशियों में खिंचाव के कारण राष्ट्रीय ट्रायल्स से हटे गत ओलंपिक और विश्व चैंपियन उसेन बोल्ट को रियो ओलंपिक के लिए जमैका की टीम में शामिल किया गया है।
ग्लेनेर समाचार पत्र की रिपोर्ट के अनुसार जमैका एथलेटिक्स प्रशासनिक संघ (जेएएए) की चयन समिति की बैठक में बोल्ट को 100 और 200 मीटर स्पर्धाओं के लिए चयनित चार-चार धावकों में शामिल किया गया है।
जमैका की ओर से हर स्पर्धा में केवल तीन धावक हिस्सा ले सकते हैं। अब अंतिम फैसला टीम प्रबंधन पर होगा। बोल्ट पिछले हफ्ते जमैका के ट्रायल्स में सौ मीटर सेमीफाइनल हीट जीतने के बाद हट गए थे।
ऐसा उन्होंने मांसपेशियों में खिंचाव के चलते ऐसा किया था। यदि बोल्ट ने समय रहते अपनी फिटनेस साबित कर दी तो उनके पास लगातार तीसरे ओलंपिक में 100, 200 और चार गुणा सौ मीटर रिले में स्वर्ण पदक जीतने का मौका रहेगा। बोल्ट 22 जुलाई को लंदन में होने वाली डायमंड लीग में भाग लेंगे।
चैंपियन बोल्ट को मिली मेडिकल छूट
उसेन बोल्ट को जेएएए के नियमों के मुताबिक ट्रॉयल्स में भाग न लेने के लिए मेडिकल छूट मिली है। नियमों के अनुसार किसी भी एथलीट को टीम में शामिल होने के लिए ट्रॉयल्स में शामिल होना अनिवार्य है लेकिन यदि कोई खिलाड़ी बीमार है या उसे चोट लगी है तो उसे बाद में अपनी फिटनेस साबित करने का मौका मिलेगा और वह चयन के लिए उपलब्ध रहेगा।
बोल्ट इस हफ्ते फ्रांस में थे और उन्होंने वहां इलाज कराने के अलावा हल्की ट्रेनिंग भी की। इस बीच एक वीडियो संदेश में बोल्ट ने कहा है कि वह लंदन में 22 जुलाई को होने वाली डायमंड लीग में हिस्सा लेंगे।