तीन अलग-अलग देशों से तीन नए खिलाड़ियों के संक्रमित होने और ओलंपिक से बाहर होने के बाद टोक्यो ओलंपिक पर कोरोना का साया और गहराता जा रहा है। खेलों के उद्घाटन समारोह से दो दिन पहले सुरक्षा उपायों को लेकर चिंता और बढ़ रही है। आयोजन समिति के प्रमुख तोशिरो मोतो कह चुके हैं कि वे पांच पक्षों की बैठक बुलाएंगे और कोविड-19 स्थिति को लेकर विचार-विमर्श जारी रखेंगे। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक तोशिरो ने कहा कि हम स्थिति के हिसाब से देखेंगे कि हमें क्या करना है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अंतिम क्षणों में स्थिति को देखते हुए ओलंपिक खेलों को रद्द करने का विकल्प संभव है।
बुधवार को मिले 8 नए मामलों के साथ अब तक खेलों से जुड़े 75 संक्रमित हो चुके हैं। ओलंपिक खेलों की शुरुआत शुक्रवार से होगी और यह आठ अगस्त तक चलेंगे। हालांकि स्वास्थ्य चिंताओं के बावजूद अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति कह चुकी है कि खेलों को रद्द करना कोई विकल्प नहीं है।
तीन में से दो खिलाड़ी खेलगांव में पॉजिटिव : चिली की ताइक्वांडो खिलाड़ी फर्नांडा एग्वायर, नीदरलैंड की स्केटबोर्ड खिलाड़ी केंडी जेकब्स और चेक गणराज्य की टेबल टेनिस खिलाड़ी सिरुसेक कोविड-19 पॉजिटिव पाए जाने के कारण बुधवार को ओलंपिक खेलों से बाहर हो गईं। फर्नांडा यहां हवाई अड्डे पर पहुंचने पर हुए परीक्षण में पॉजिटिव पाई गई जबकि केंडी और सिरुसेक के नतीजे का खुलासा खेल गांव में हुआ। खेल गांव में संक्रमित पाए गए खिलाड़ियों की संख्या सात हो गई है। जो खिलाड़ी खेलगांव में संक्रमित पाए गए हैं इनमें से कोई भी हवाई अड्डे पर पहुंचने पर पॉजिटिव नहीं पाया गया। आयोजन समिति ने बुधवार को खेलों से जुड़े जिन आठ कोविड-19 संक्रमित मामलों का खुलासा किया उसमें फर्नांडा भी शामिल थी।
केंडी ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर संदेश में घोषणा की कि उनका ओलंपिक अभियान अब खत्म हो चुका है। केंडी ने लिखा, ‘मेरा दिल टूट गया है। दुर्भाग्य से मैं कोविड-19 पॉजिटिव पाई गई जिसका मतलब है कि मेरा ओलंपिक सफर यहीं खत्म हो गया। इन हालात से बचने के लिए जो संभव था वह किया और सभी एहतियात बरती थी।’
खिलाड़ी ही नहीं कोच भी एकांतवास में
फर्नांडा के कोच जोस जपाटा को निगेटिव नतीजे के बावजूद करीबी संपर्क होने के कारण एकांतवास में रखा गया है। फर्नांडा उज्बेकिस्तान से कोविड निगेटिव नतीजे के साथ टोक्यो आई थी लेकिन यहां हवाई अड्डे पर हुए एंटीजेन और पीसीआर परीक्षण दोनों में पॉजिटिव पाई गई जिसके बाद उन्हें पूर्व निर्धारित एकांतवास सुविधा में रखा गया है जहां वह दस दिन रहेंगी। ताइक्वांडो प्रतियोगिता की शुरुआत शनिवार से होगी।
ब्रिटेन का लगा झटका, निशानेबाज ऐंबर हिल संक्रमित
टोक्यो। ब्रिटेन की शीर्ष निशानेबाज एंबर हिल भी ब्रिटेन में कोविड-19 जांच में संक्रमित पाई गई हैं। अब उनका टोक्यो ओलंपिक में भाग लेना मुमकिन नहीं हो पाएगा। स्कीट में दुनिया की नंबर एक निशानेबाज की स्पर्धा रविवार और सोमवार को होगी और अब उनकी जगह किसी और खिलाड़ी का भाग लेना भी संभव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि उनमें कोरोना के कोई लक्षण नहीं थे लेकिन अब मुझे दिशा-निर्देशों के मुताबिक एकांतवास करना होगा।
जापान के प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा ने मंगलवार को अधिकारियों से कहा था कि दुनिया को दिखाना है कि जापान ओलंपिक खेलों की सुरक्षित मेजबानी कर सकता है। कोरोना महामारी के बीच घोषित आपातकाल की स्थिति में हजारों खिलाड़ी, अधिकारी, स्टाफ और मीडियाकर्मी जापान पहुंच रहे हैं। सुगा ने यहां एक पांच सितारा होटल में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के सदस्यों के साथ बैठक में कहा, 'दुनिया बड़ी समस्याओं से घिरी है, ऐसे में हमें ओलंपिक की सफल मेजबानी करनी है। उन्होंने कहा, जापान को यह दुनिया को दिखाना है, हम जापान के लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा का ध्यान रखेंगे।'
वहीं, आईओसी के अध्यक्ष थॉमस बाक को दो सप्ताह पहले टोक्यो पहुंचने के बाद से विरोध का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि खेल शांति, एकजुटता और सद्भाव का संदेश देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि खेलों को रद्द करना कभी विकल्प नहीं था। आईओसी अध्यक्ष ने मेजबानों की प्रशंसा करते हुए कहा, दुनिया भर में अरबों लोग ओलंपिक खेलों का अनुसरण करेंगे और उनकी सराहना करेंगे।
कोरोना से संक्रमित होने के कारण अलग अलग देशों के चार खिलाड़ी बुधवार को टोक्यो ओलंपिक से बाहर हो गए। इनमें तीन खिलाड़ी टोक्यो में जबकि एक अपने देश में ही संक्रमित पाए गए। ब्रिटेन की शीर्ष रैंकिंग की निशानेबाज अंबर हिल, चिली की ताइक्वांडो खिलाड़ी फर्नांडा एग्वायर, नीदरलैंड की स्केटबोर्ड खिलाड़ी केंडी जेकब्स और चेक गणराज्य के टेबल टेनिस खिलाड़ी पावेल सिरुसेक कोविड-19 पॉजिटिव पाए जाने के कारण ओलंपिक से बाहर हो गए।