ओलंपिक खेलों में इस बार पांच खेल शामिल किए गए हैं जिसमें चार खेल पहली बार पदार्पण कर रहे हैं। टोक्यो के खेल 339 पदक स्पर्धाओं के साथ इस बार अब तक का सबसे बड़े खेल होने जा रहे हैं। खेलों के महाकुंभ टोक्यो ओलंपिक की शुरुआत 23 जुलाई से होने जा रही है।
स्केटबोर्डिंग (24 जुलाई से 4 अगस्त)
यह खेल इस बार प्रवेश के बाद अगले साल 2024 पेरिस खेलों का भी पहले से हिस्सा बन चुका है। दो स्पर्धाओं पार्क और स्ट्रीट में पदकों का वितरण होगा। पार्क स्पर्धा में गोलाकार बॉउल में खिलाड़ी को अपना कौशल दिखाना होगा। स्ट्रीट स्पर्धा में विभिन्न बाधाओं जैसे सीढ़ी आदि को पार करना होगा। इस बार 12 साल की ब्रिटिश स्काई ब्राउन आकर्षण का केंद्र होगी।
सर्फिंग (24 से 31 जुलाई)
दोनों वर्गों में स्पर्धा होगी जिसमें हीट के बाद नॉकआउट दौर होगा। आयोजन सुरीगासकी बीच पर होगा। अंक इस आधार पर दिए जाएंगे कि प्रतिभागी ने कितने मुश्किल कोण, गति और पावर से सफर किया है। ऑस्ट्रेलिया के सात बार के चैंपियन स्टेफनी गिलेमोर, अमेरिका के पूर्व विश्व चैंपियन जॉन फ्लोरेंस, केरिस मूर पदक के दावेदारों में होंगे।
स्पोर्ट्स क्लाइबिंग (3 से 6 अगस्त)
इस खेल को 1980 में मान्यता मिली एकल स्पर्धा में गति और बढ़त को अहमियत दी जाती है। युवाओं में यह खेल काफी लोकप्रिय होता जा रहा है। चेक गणराज्य के एडम ओंड्रा, स्लोवेनिया के जांजा जापान के मिहो, फ्रांस के मवामी बंधु बड़े खिलाड़ी गिने जाते हैं।
कराटे (4 अगस्त से 7 अगस्त)
जापान की परंपरागत मार्शलल आर्ट पहली बार शामिल की गई है। जापान में इसकी शुरुआत 1868 में की गई थी। ओलंपिक के 32वें संस्करण में कराटे की काता और कुमेते स्पर्धा तीन भारवर्गों में होगी। जापान के रियो कियुना और कियोयू शिमिजू, स्पेन के सांद्रा सांचेज, ईरान के हमिदेह और ताइपे के जू यून वेन भी प्रमुख दावेदार होंगे।
तेरह साल बाद बेसबॉल की वापसी
बेसबॉल को 1992 के बार्सिलोना खेलों में शामिल किया गया था। वह 2008 के बीजिंग खेलों तक यह हिस्सा रहा लेकिन उसके बाद इसे सूची से हटा दिया गया। इस बार वापसी कर रहा है। सॉफ्टबॉल को सबसे पहले 1996 अटलांटा खेलों में शामिल किया गया। बीजिंग ओलंपिक के बाद इसे भी ओलंपिक में स्थान नहीं मिला था। बेसबॉल पुरुष जबकि सॉफ्टबॉल महिला वर्ग में खेला जाएगा। छह देश ऑस्ट्रेलिया, जापान, इटली, अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा इसमें भाग लेंगे। बेसबॉल की स्पर्धा 27 जुलाई से 7 अगस्त जबकि सॉफ्टबॉल की की प्रतियोगिता 24 से 27 जुलाई के बीच होंगी।