रियो ओलंपिक से पहले अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने खुलासा किया है कि बीजिंग और लंदन में हुए गेम्स में भाग लेने वाले 45 एथलीट्स डोप में फेल हो गए हैं।
आईओसी ने शुक्रवार को बताया कि इन 45 एथलीट्स में 30 ने बीजिंग ओलंपिक में हिस्सा लिया था जबकि लंदन ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले 15 एथलीट्स डोपिंग टेस्ट में पकड़े गए हैं।
चौंकाने वाली बात यह है कि 2008 में बीजिंग में हुए खेलों के महाकुंभ में डोपिंग में पकड़े गए 30 एथलीट्स में 23 तो पदक विजेता खिलाड़ी भी शामिल हैं। हालांकि आईओसी ने यह नहीं बताया कि 2012 में लंदन गेम्स के दौरान डोप में पकड़े गए खिलाड़ियों में कोई पदक विजेता है या नहीं।
आईओसी ने अपने बयान में कहा कि यह परिणाम डोप टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए 98 एथलीटों में से दुबारा कराए गए टेस्ट के आधार पर तैयार किया गया है। आईओसी के अध्यक्ष थामस बॉच ने कहा, "फिर से की गई समीक्षा के आधार पर आईओसी की डोपिंग के खिलाफ कटिबद्धता दिखती है।"