भारतीय ओलंपिक संघ ने शनिवार को टोक्यो ओलंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के कोचों के लिए पुरस्कार राशि की घोषणा की। स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी के कोच को 12.5 लाख रुपये, रजत पदक विजेता के कोच को 10 लाख रुपये और कांस्य पदक विजेता के कोच को 7.5 लाख रुपये दिए जाएंगे। आईओए के महासचिव राजीव मेहता ने कहा, 'हमने ओलंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के कोचों को भी पुरस्कृत करने का फैसला किया है। वे वही हैं जो दिन-ब-दिन एथलीटों का मार्गदर्शन कर रहे हैं। वे भी एथलीटों की तरह कड़ी मेहनत कर रहे हैं और बलिदान दे रहे हैं।'
विज्ञापन
इससे पहले भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने गुरुवार को घोषणा की थी कि वह टोक्यो ओलंपिक खेलों के स्वर्ण पदक विजेता को 75 लाख रुपये का नकद पुरस्कार देगा। इसके अलावा प्रत्येक भागीदार राष्ट्रीय खेल महासंघ (एनएसएफ) को बोनस के तौर पर 25 लाख रुपये देगा। आईओए की सलाहकार समिति ने रजत पदक विजेताओं को 40 लाख रुपये और कांस्य पदक विजेताओं को 25 लाख रुपये देने का एलान किया था।