टोक्यो ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता बजरंग पूनिया ने शुक्रवार को जेल में बंद भारतीय पहलवान सुशील कुमार की तारीफ में कसीदे पढ़े। बजरंग ने कहा कि वो अब भी सुशील कुमार को कुश्ती में देश का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी मानते हैं। इसके पीछे की वजह बताते हुए बजरंगा ने कहा कि सुशील ने ग्रीष्मकालीन खेलों में पदक के 56 साल के इंतजार को खत्म किया था।
बजरंग ने दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उक्त बातें कहीं। इस दौरान उन्होंने कहा, 'मैं भारत में सुशील कुमार से बेहतर पहलवान किसी को नहीं मानता हूं। उन्होंने 2008 में ओलंपिक पदक जीतकर कुश्ती को जीवित किया था और वह पदक 56 साल बाद आया था।' बता दें कि सुशील ने बीजिंग ओलंपिक (2008) में कांस्य पदक जीता था और चार साल बाद लंदन में अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए सिल्वर मेडल जीता था।
गौरतलब है कि सुशील इस समय जेल में बंद हैं। सुशील को दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के छत्रसाल स्टेडियम में एक पूर्व जूनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियन की हत्या के कथित मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके खिलाफ आरोप पत्र भी दायर किया है। वहीं, जब बजरंग से सुशील से जुड़े हालिया हत्या मामले में पूछा गया तो बजरंग ने कहा कि मैं केवल उनके (सुशील) खेल करियर के बारे में बात कर रहा था।