भारतीय शतरंज संघ (सीएआई) और अखिल भारतीय शतरंज महासंघ (एआईसीएफ) ने शनिवार को विलय की घोषणा की। बता दें कि इन दोनों संघों का वर्षों से विवाद चल रहा है। विलय के बाद अब देश में शतरंज का संचालन एक ही इकाई एआईसीएफ करेगी। इस घोषणा के लिए आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उत्तर प्रदेश शतरंज संघ के अध्यक्ष पीसी चतुर्वेदी (सेवानिवृत्त आईएएस), सीएआई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एसएल हर्ष, महासचिव एवं उत्तर प्रदेश शतरंज संघ के सचिव एसके तिवारी भी उपस्थित थे।
हाल ही में निर्वाचित एआईसीएफ के अध्यक्ष डा संजय कपूर ने शनिवार को बताया कि न केवल राष्ट्रीय स्तर पर बल्कि विभिन्न राज्यों के सभी गुट एक साथ आ गए हैं और सभी ने एआईसीएफ के साथ काम करने के राजी हो गए हैं। कपूर ने जारी विज्ञप्ति में कहा, 'मैंने व्यक्तिगत रूप से सभी हितधारकों के साथ कई दौर की बातचीत की है और देश में शतरंज और उसके सभी खिलाडियों के विकास के लिए एक मंच पर लाया हूं।' वहीं, एआईसीएफ के सचिव भरत सिंह चौहान ने कहा, 'अन्य महासंघों की तरह हम भी कोरोना महामारी के कारण अपने वार्षिक आयोजनों और चैंपियनशिप के आयोजन के लिए संघर्ष कर रहे हैं और अब अपने आंतरिक मतभेदों से खेल को और अधिक प्रभावित नहीं होने दे सकते।'