स्टार शूटर मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक 2024 में दो पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वह दो पदक जीतने वाली देश की पहली महिला निशानेबाज बन गईं। उन्होंने महिलाओं के व्यक्तिगत 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में कांस्य पदक जीता था। इसके अलावा सरबजोत सिंह के साथ मिश्रित टीम 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में भारत को एक और कांस्य पदक दिलाकर उन्होंने इतिहास रच दिया। मनु एक और कांस्य पदक जीतने के साथ ही एक ही ओलंपिक खेलों में दो पदक जीतने वाली स्वतंत्र भारत की पहली एथलीट बन गईं।
मनु ने पीटीआई से बात करते हुए अगले ओलंपिक में और पदक जीतने की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा, हम सभी पदक जीतने के लिये काफी मेहनत करते हैं। लेकिन अगर भविष्य में दो से अधिक पदक एक ही ओलंपिक में जीत पाती हूं तो यह शानदार होगा। कड़ी मेहनत करके भविष्य में बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य है।
उन्होंने ओलंपिक समापन समारोह से लौटने के बाद कहा- मैं भविष्य में भारत के लिये और ओलंपिक पदक जीतना चाहती हूं। मनु समापन समारोह में अनुभवी हॉकी गोलकीपर पी आर श्रीजेश के साथ भारत की ध्वजवाहक थीं। उन्होंने कहा- यह जीवन में एक बार मिलने वाला अनुभव था । मैं इसके लिए शुक्रगुजार हूं और इसे ताउम्र याद रखूंगी।