हिमाचल सरकार 25 जनवरी शनिवार को पूर्ण राज्यत्व दिवस पर प्रदेश के खिलाड़ियों को परशुराम अवार्ड से सम्मानित करेगी। राज्य स्तरीय समारोह सोलन जिले के कुनिहार में होगा। इसमें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर खिलाड़ियों को पुरस्कृत करेंगे।
जानकारी के मुताबिक कबड्डी और विंटर गेम्स के चार-चार खिलाड़ियों के नाम परशुराम अवार्ड पाने वालों की सूची में शामिल हैं। इनमें भारतीय कबड्डी टीम के कप्तान एवं हिमाचल के स्टार खिलाड़ी अजय ठाकुर के अलावा तीन महिला खिलाड़ियों को परशुराम अवार्ड दिया जाएगा।
इनमें कविता ठाकुर, निर्मला और रितु नेगी का नाम सूची में शामिल है। साल 2012 के बाद करीब छह साल बाद खिलाड़ियों को परशुराम अवार्ड दिए जा रहे हैं। खिलाड़ियों को दो लाख रुपये सहित प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
परशुराम अवॉर्ड के लिए तैयार 15 खिलाड़ियों की सूची में विंटर गेम्स के चार खिलाड़ियों में कुल्लू से संबंध रखने वाली कुमारी वर्षा ठाकुर, हीरालाल और डिक्की डोलमा को परशुराम अवार्ड दिया जाएगा। ऊना से संबंध रखने वाले शूटर अंजुम मोदगिल का नाम भी सूची में शामिल है।