दो बार की विश्व चैंपियन मुक्केबाज निकहत जरीन ने रविवार को पेरिस ओलंपिक का दमदार तरीके से आगाज किया। जरीन ने जर्मनी की मैक्सी करीना क्लोएट्जर पर जीत के साथ महिलाओं के 50 किग्रा ओलंपिक के प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
इस 28 साल की गैरवरीय मुक्केबाज ने नॉर्थ पेरिस एरेना में अंतिम 32 दौर के मुकाबले में जर्मनी की मुक्केबाजी के खिलाफ 5-0 से जीत हासिल की। निकहत के सामने गुरुवार को खेले जाने वाले प्री-क्वार्टर फाइनल में एशियाई खेलों और मौजूदा फ्लाईवेट विश्व चैंपियन चीन की वू यू की चुनौती होगी। शीर्ष वरीयता प्राप्त वू यू को पहले दौर में बाई मिली है
अच्छी शुरुआत करने में विफल रहीं थी निकहत
ओलंपिक में पदार्पण कर रहीं निकहत पदक की मजबूत दावेदार हैं। क्लोएट्जर के खिलाफ अपने मुकाबले में वह अच्छी शुरुआत करने में विफल रहीं। जर्मनी की मुक्केबाज ने शुरुआत में आक्रामक रुख अपनाकर निकहत को चौंकाया। इस दौरान दोनों मुक्केबाजों ने एक-दूसरे को कुछ सटीक पंच लगाए। क्लोएट्जर ने लंबाई में निकहत से कम होने के बावजूद कुछ करारे प्रहार के किए और पहले दौर को जजों के 3-2 के खंडित फैसले से अपने नाम करने में सफल रहीं।
निकहत ने की वापसी
दूसरे दौर में भी दोनों मुक्केबाजों ने एक दूसरे पर जम पर मुक्के बरसाए, लेकिन निकहत ने इस दौरान लय हासिल की और कुछ दमदार और सटीक पंच से जर्मनी की मुक्केबाज को बैकफुट पर धकेल दिया। इस दौरान सिर सीधा नहीं रखने के कारण क्लोएट्जर को एक अंक से दंडित किया गया लेकिन निकहत ने इसी गलती के कारण इस बढ़त को गंवा दिया। निकहत हालांकि बेहतर रणनीति खेल से जजों को प्रभावित करने में सफल रहीं। शुरुआती दो दौर में करीबी मुकाबले के बाद निकहत ने तीसरे दौर में सटीक प्रहार करना जारी रखा। उनके आक्रामक अंदाज से क्लोएट्जर बचाव की मुद्रा में आ गईं और उन पर थकान हावी दिखी। भारतीय मुक्केबाज ने इस दौर में दबदबा बनाने के साथ मुकाबले को अपने नाम कर लिया। निकहत मुक्केबाजी रिंग में उतरने वाली दूसरी भारतीय हैं। उन स पहले शनिवार देर रात एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता प्रीति पवार ने भी महिलाओं की 54 किग्रा वर्ग में शानदार जीत के साथ प्री क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की थी।