फोर्ब्स ने अपनी रिपोर्ट में स्पैनिश दैनिक एल पीरियोडिको के हवाले से कहा कि बार्टोमू का समूह मेसी के कॉन्ट्रैक्ट की खबर के लीक होने से नाराज था। एल मुंडो ने मेसी के कॉन्ट्रैक्ट से जुड़ी खबरों को प्रकाशित किया था। मेसी को लेकर पोंटी की टिप्पणियां बार्टोमू को संबोधित थीं। साथ ही पोंटी ने मेसी पर कई निराधार आरोप भी लगाए थे। यह कथित टिप्पणियां उस वक्त की गईं जब बोर्ड के सदस्य मेसी समेत कई खिलाड़ियों के कॉन्ट्रैक्ट विस्तार करने जा रहे थे और उसी को लेकर बातचीत चल रही थी।
द मिरर ने बताया कि मेसी के बारे में मैसेज में लिखा था- बार्टोमू, आप इस 'गटर के चूहे' के साथ अच्छा बर्ताव नहीं कर सकते। क्लब ने उसे सब कुछ दिया है और उसने बदले में साइनिंग, ट्रांसफर की तानाशाही बना रखी है। वह स्पॉनसरशिप वगैरह को लेकर सिर्फ खुद के बारे में सोचता है। इसके अलावा इस क्लब और हम बोर्ड के सदस्यों को इस हार्मोनल बौने से ब्लैकमेल और अशिष्टता झेलनी पड़ी है। उसे बार्का का एहसानमंद होना चाहिए और उसे इस क्लब पर जिंदगी कुर्बान करनी चाहिए। लेकिन जब चीजें खराब हो जाती हैं [कोरोना की एंट्री] तो आपको प्राप्त होता है एक व्हाट्सएप मैसेज, जिसमें मेसी ने लिखा होता है- अध्यक्ष, दूसरों के वेतन कम करें, लेकिन सुआरेज और मेरी सैलेरी को मत छुएं।
इस पर बार्टोमू कहते हैं- कई बार हमने लियो (मेसी) की बात सुनी है, लेकिन हमेशा नहीं। महामारी नहीं होता तो यह कॉन्ट्रैक्ट पूरी तरह से मान्य था। मेसी 2004 से 2021 तक एफसी बार्सिलोना की सीनियर टीम के लिए खेले। उन्होंने बार्सिलोना के लिए 520 मैचों में 474 गोल किए। फिलहाल मेसी फ्रेंच क्लब पेरिस सेंट-जर्मेन के लिए खेलते हैं। हाल ही में मेसी ने अर्जेंटीना को तीसरी बार विश्व कप जीतने में मदद की।