रियल मैड्रिड के स्टार फॉरवर्ड किलियन एम्बाप्पे उस वक्त विवादों में घिर गए जब उनका एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट हैक कर लिया गया। उनके हैंडल से भड़काऊ ट्वीट्स की एक सीरीज पोस्ट की गई, जिसने फैंस का ध्यान आकर्षित किया। उस ट्वीट में कुछ ऐसे भी पोस्ट थे जिसने क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेसी के बीच लंबे समय से चली आ रही प्रतिद्वंद्विता को हवा दी है। इसके बाद एम्बाप्पे के अकाउंट से मैनचेस्टर यूनाइटेड, मैनचेस्टर सिटी और टोटेनहम हॉटस्पर सहित प्रमुख प्रीमियर लीग टीमों के बारे में टिप्पणी भी की गई।
इस विवादित पोस्ट से एम्बाप्पे जल्द ही चर्चा का विषय बन गए। हालांकि, पोस्ट होने के कुछ देर बाद ही अकाउंट को रिकवर कर लिया गया और इन विवादित पोस्ट को डिलीट कर दिया गया था। एम्बाप्पे इसी साल रियल मैड्रिड में शामिल हुए थे। मैड्रिड में उनके करियर की शुरुआत ठीक ठाक रही है। यूईएफए सुपर कप में स्कोर करने के बावजूद वह अन्य मैचों में संघर्ष करते दिखे हैं।
रियल मैड्रिड के साथ एम्बाप्पे का कार्यकाल
रियल मैड्रिड के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने हाल ही में एम्बाप्पे को लेकर बयान दिया था और उनके हालिया प्रदर्शन पर उठ रहे सवालों पर जवाब दिया था। एंसेलोटी ने कहा था कि उन्हें कोई चिंता नहीं है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए था कि फॉरवर्ड जल्द ही अपनी फॉर्म वापस पा लेंगे और गोल दागेंगे। एंसेलोटी ने कहा, 'उन्हें केवल दो सप्ताह हुए हैं। यह चिंता का कोई कारण नहीं है। न तो हम एक क्लब के रूप में चिंतित हैं, न ही वह।' हालांकि, हैकिंग की घटना से उनकी छवि को जरूर नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।
एंसेलोटी ने कहा, 'वह यहां बहुत खुश हैं। वह अगले गेम में स्कोर करना चाहते हैं। अभी तक विनीसियस मैच को संभाल रहे हैं। एम्बाप्पे ने अभी तक इस सीजन में स्कोर नहीं किया है और मैं उन्हें चिंतित नहीं देखता। एम्बाप्पे वास्तव में अच्छी प्रगति कर रहे हैं। मैं उन्हें हर दिन बेहतर करते हुए देखता हूं। वह उत्साहित हैं, प्रेरित हैं और अच्छी तरह से ट्रेन कर रहे हैं। वह बहुत विनम्र हैं। मुझे लगता है कि उनकी यहां ट्रेनिंग अच्छी चल रही है।'