मेसी फिलहाल 35 साल के हैं और अर्जेंटीना के लिए चार वर्ल्ड कप खेल चुके हैं। 2022 में होने वाला वर्ल्ड कप उनका पांचवां फीफा वर्ल्ड कप होगा। मेसी ने अर्जेंटीना की सीनियर टीम के लिए 2005 में डेब्यू किया था और अब तक 164 मैचों में 90 गोल कर चुके हैं।
मेसी ने इंटरव्यू में कहा- मैं विश्व कप तक के दिन गिन रहा हूं। सच्चाई यह है कि मुझे थोड़ी चिंता भी हो रही है। मैं सोच रहा हूं आगे क्या होगा? यह मेरा आखिरी वर्ल्ड कप है, यह कैसा रहेगा? एक तरफ मैं इसके आने का इंतजार नहीं कर सकता, लेकिन मैं चाहता हूं कि बस सब कुछ ठीक रहे।
मेसी ने कहा- हम (अर्जेंटीना की टीम) फिलहाल अच्छी स्थिति में हैं। हमारी टीम बेहद मजबूत है, लेकिन वर्ल्ड कप में कुछ भी हो सकता है। सभी मैच कठिन होते हैं। यही बात विश्व कप को इतना खास बनाती है, क्योंकि पसंदीदा हमेशा वे नहीं होते हैं जो जीतते हैं या यहां तक कि आपकी अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन करते हैं।
मेसी ने कहा- मुझे नहीं पता कि हम पसंदीदा हैं कि नहीं, लेकिन अर्जेंटीना हमेशा वर्ल्ड कप जीतने का दावेदार रहा है। मुझे नहीं लगता कि हम पसंदीदा टीम होंगे। कई टीमें हमसे ऊपर हैं।
हालांकि, मेसी ने यह साफ नहीं किया है कि वह फीफा वर्ल्ड कप के बाद वह अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खेलना जारी रखेंगे या नहीं। हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में उनके इस बयान को संन्यास से जोड़कर देखा जा रहा है। मेसी इस सीजन में क्लब और देश, दोनों के लिए रेड हॉट फॉर्म में रहे हैं। अर्जेंटीना की टीम उनकी कप्तानी में 2019 के बाद से 35 मैचों में अब तक अजेय है। मेसी ने अर्जेंटीना के लिए पिछला टूर्नामेंट 'कोपा अमेरिका' कप जीता था। 2021 में हुए इस टूर्नामेंट में अर्जेंटीना ने फाइनल में ब्राजील को हराया था।
हालांकि, अर्जेंटीना की टीम कभी मेसी की मौजूदगी में फीफा वर्ल्ड कप नहीं जीत सकी है। 2014 में मेसी की ही कप्तानी में टीम फाइनल में पहुंची थी, लेकिन जर्मनी के हाथों खिताबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। इस साल अपने आखिरी विश्व कप में निश्चित तौर पर वर्ल्ड कप ट्रॉफी हासिल करना चाहेंगे। वर्ल्ड कप में मेसी ने चार संस्करणों (2006, 2010, 2014, 2018) में 19 मुकाबले खेले हैं और छह गोल किए हैं।
मेसी फ्रेंच क्लब पेरिस सेंट जर्मेन से भी खेलते हैं। इस क्लब के लिए उन्होंने 47 मैचों में 19 गोल दागे हैं। पीएसजी से पहले मेसी स्पैनिश क्लब बार्सिलोना में थे। उस क्लब में उन्होंने 778 मैचों में 672 गोल दागे थे। हालांकि, मेसी ने क्लब फुटबॉल के लिए कोई बयान नहीं दिया है। ऐसे में वह क्लब करियर को जारी रख सकते हैं। सिर्फ मेसी ही नहीं पुर्तगाल के कप्तान और दिग्गज फुटबॉलर्स में शुमार क्रिस्टियानो रोनाल्डो का भी यह आखिरी फीफा वर्ल्ड कप हो सकता है।