पूर्व चैंपियन स्पेन के विश्व कप के नॉकआउट में मेजबान रूस के हाथों पेनल्टी शूटआउट में 3-4 से हार के बाद टीम के अंतरिम कोच फर्नांडो हिएरो ने स्पेन फुटबॉल महासंघ से नाता तोड़ लिया है।
स्पेन फुटबॉल महासंघ ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि कई किलोमीटर तक साथ सफर करने के बाद महासंघ और हिएरो ने अपने संबंध समाप्त करने का फैसला किया है। स्पेन का विश्व कप में अभियान समाप्त हो चुका है।
महासंघ ने कहा कि स्पेन के अंतिम कोच ने नई संभावनाएं और प्रोफेशनल कॅरिअर के फेडरेशन के साथ खेल निदेशक के अपने पुराने पद पर लौटने से इनकार कर दिया है। हिएरो को दूसरी बार 2017 में खेल निदेशक बनाया गया था और विश्व कप के शुरू होने से एक दिन पहले कोच युलेन लोपेटगुई को बर्खास्त किए जाने के बाद हिएरो को कोच के रूप में नियुक्त किया गया था।