नवाबों का शहर लखनऊ पहली बार देश के नामी फुटबाल क्लबों मोहन बागान और ईस्ट बंगाल के बीच मैच की मेजबानी को तैयार है। परंपरागत प्रतिद्वंद्वियों के बीच होने वाला यह मुकाबला दो सितंबर को केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। प्रदेश के खेल निदेशक आरपी सिंह ने बताया कि कृत्रिम रोशनी में होने वाले हाईवोल्टेज मैच के लिए तैयारियां पूरे जोरों पर हैं।
सीएम योगी के पहुंचने की संभावना
प्रदेश में फुटबाल के बढ़ावे के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी मैच देखने के लिए आने की संभावना है। दस हजार से ज्यादा दर्शकों के स्टेडियम में उपस्थित होने की उम्मीद है। खेल निदेशक ने बताया कि अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) के अध्यक्ष कल्याण चौबे ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में मुलाकात की थी और उत्तर प्रदेश में फुटबाल को बढ़ावे को लेकर बातचीत हुई थी।
एक सितंबर को दोनों टीमें पहुंचेंगी लखनऊ
एआईएफएफ ने मोहन बागान और ईस्ट बंगाल के बीच मैच के आयोजन का प्रस्ताव रखा और राज्य सरकार ने इसे मंजूर कर लिया। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में हाल ही में लगाई फ्लड लाइट का परीक्षण किया गया है और ड्रेसिंग रूम और अन्य सुविधाओं की भी व्यवस्थाओं को देखा जा रहा है। दोनों टीमें एक सितंबर को लखनऊ पहुंच जाएंगी।