भारतीय वॉलीबॉल टीम ने मंगलवार को कम रैंकिंग वाली कंबोडिया को 3-0 से हराया था। इसके बाद टीम ने बुधवार को अंतिम पूल मैच में दक्षिण कोरिया को 3-2 से हराया जिससे टीम शीर्ष पर रही। वहीं, सुनील छेत्री की अगुआई वाली भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम को मंगलवार को मेजबान चीन के खिलाफ 1-5 से करारी हार का सामना करना पड़ा था। अब 21 सितंबर यानी गुरुवार को भारत को पांच इवेंट्स में हिस्सा लेना है।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम
- फोटो : BCCI Women/Twitter
इनमें क्रिकेट, फुटबॉल, रोइंग और सेलिंग जैसे महत्वपूर्ण खेल प्रतियोगिताएं शामिल हैं। भारतीय महिला क्रिकेट टीम गुरुवार को एशियाई खेलों में अपना पहला मैच खेलेगी। हांगझोउ खेलों से नौ साल बाद एशियाई खेलों में क्रिकेट की वापसी हो रही है। ग्वांग्झू 2010 और इंचियोन 2014 में क्रिकेट प्रतियोगिताएं आयोजित होने के बाद इस खेल को जकार्ता में 2018 एशियाई खेलों से हटा दिया गया था।
एशियाई खेल 2023 महिला क्रिकेट टूर्नामेंट में फिलहाल आठ टीमें पदक की दौड़ में हैं। भारत इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता में डेब्यू कर रहा है। एक जून 2023 तक आईसीसी महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में शीर्ष चार टीमों भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को शीर्ष वरीयता मिली है और वे सीधे क्वार्टर फाइनल चरण से शुरुआत करेंगी। गुरुवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम का क्वार्टर फाइनल मुकाबला मलेशिया के खिलाफ होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह साढ़े छह बजे से होंगझोऊ के झेजियांग यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी पिंगफेंग क्रिकेट फील्ड में खेला जाएगा।
क्वार्टर फाइनल में जीतने वाली टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल में जीतने वाली टीमें फाइनल खेलेंगी और स्वर्ण के लिए भिड़ेंगी। वहीं, सेमीफाइनल में हारने वाली टीमों के बीच कांस्य पदक के लिए मुकाबला खेला जाएगा।
क्रिकेट के अलावा भारतीय समयानुसार सुबह छह बजकर 40 मिनट से रोइंग के कई मुकाबले खेले जाएंगे। फिर सुबह साढ़े आठ बजे से भारतीय टीम के कुछ एथलीट्स सेलिंग के भी कई इवेंट्स में हिस्सा लेंगे। दोपहर एक बजे से पुरुष फुटबॉल में भारतीय टीम का सामना ग्रुप स्टेज में बांग्लादेश से होगा। चीन से हारने के बाद भारत को पदक की दौड़ में बने रहने के लिए बांग्लादेश के खिलाफ मैच जीतना जरूरी है। वहीं, शाम पांच बजे से भारतीय महिला फुटबॉल टीम भी एक्शन में दिखेगी। महिला फुटबॉल के ग्रुप स्टेज में भारत का सामना चीनी ताइपे से है। इस तरह गुरुवार को टीम इंडिया के एथलीट्स कुल पांच इवेंट्स में एक्शन में दिखाई देंगे।
रोइंग में इन इवेंट्स में खेलेंगे भारतीय एथलीट्स-
रोइंग रेपेचेज राउंड (लाइटवेट महिला युगल स्कल्स): किरण और भारती अंशिका (सुबह 6:40 बजे)।
रोइंग रेपेचेज राउंड (लाइटवेट पुरुष युगल स्कल्स): अर्जुन लाल जाट और अरविंद सिंह (सुबह 6:50 बजे)।
रोइंग रेपेचेज राउंड (पुरुष युगल स्कल्स) - सतनाम सिंह और परमिंदर सिंह (सुबह 7:20 बजे)।
रोइंग रेपेचेज राउंड (पुरुष एकल स्कल्स) - बैराज पंवार (दोपहर 12:40 बजे)।
रोइंग रेपेचेज राउंड (पुरुष क्वाड्रपल स्कल्स) - सतनाम सिंह, परमिंदर सिंह, जाकर खान और सुखमीत सिंह (दोपहर 1 बजे)।
सेलिंग (नौकायन) के पहले दिन ये एथलीट्स होंगे एक्शन में-
चित्रेश ताथा, अद्वैत मेनन, विष्णु सरवनन, जेरोम कुमार, के. सी. गणपति, और वरुण ठक्कर, ईश्वरीय गणेश, नेहा ठाकुर, नेत्रा कुमानन, हर्षिता तोमर और शीतल वर्मा, प्रीति कोंगारा, सुधांशु शेखर, सिद्धेश्वर दोइफोडे और राम्या सरवनन (दोपहर 1 बजे)।
21 सितंबर को होने वाले एशियाई खेलों का मुकाबला सुबह 6:30 बजे क्रिकेट मैचों से शुरू होगा। एशियन गेम्स 2023 का प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा और लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव पर उपलब्ध होगी।