खेल पंचाट (CAS) का तदर्थ प्रभाग ओलंपिक महिला 50 किलो फ्रीस्टाइल कुश्ती के फाइनल से पहले अयोग्य करार दी गई भारतीय पहलवान विनेश फोगाट की अपील पर फैसला अब 13 अगस्त यानी मंगलवार को सुनाएगा। मामले पर फैसला पहले शनिवार की शाम को ही आना था। आईओए ने एक बयान में कहा, 'कैस के तदर्थ विभाग ने एकल पंच डॉक्टर अनाबेल बेनेट द्वारा विनेश फोगाट बनाम युनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग बनाम अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के मामले पर फैसला लिये जाने के लिये समय सीमा एक दिन बढाकर 11 अगस्त 2024 शाम छह बजे तक कर दी है।'
इसमें कहा गया, 'मामले पर विस्तार से फैसला बाद में जारी किया जाएगा।' आईओए के सूत्र के अनुसार फैसला 13 अगस्त को ही सार्वजनिक किया जाएगा। पेरिस ओलंपिक का समापन समारोह 11 अगस्त को है। मामले की सुनवाई शुक्रवार को समाप्त हुई जिसमें कैस ने विनेश की अपील स्वीकार कर ली थी। विनेश ने फाइनल की सुबह 100 ग्राम अधिक वजन होने के कारण अयोग्य ठहराये जाने के खिलाफ अपील की थी।
विनेश की जगह फाइनल में क्यूबा की पहलवान युस्नेलिस गुजमान लोपेज उतरीं, जो सेमीफाइनल में उनसे हार गई थीं। भारतीय पहलवान ने अपनी अपील में लोपेज के साथ संयुक्त रजत पदक दिये जाने की मांग की है क्योंकि मंगलवार को अपने मुकाबलों के दौरान उनका वजन निर्धारित सीमा के अंदर था।
'पदक नहीं लाने पर लोग भूल जाते हैं'
इससे पहले पेरिस ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाले नीरज ने विनेश का समर्थन करते हुए कहा, 'हम सभी को पता है कि अगर विनेश को पदक मिलता है तो यह काफी अच्छा होगा। अगर यह स्थिति नहीं बनती तो वह जरूर पदक जीतने में सफल रहती। अगर हम पदक नहीं जीतते हैं तो लोग हमें कुछ समय तक याद रखते हैं और हमें चैंपियन कहते हैं, लेकिन पदक नहीं मिलने पर वह हमें भूल भी जाते हैं। मैं बस लोगों से कहना चाहता हूं कि विनेश ने देश के लिए क्या किया है, उसे हमें नहीं भूलना चाहिए।'
विनेश को पेरिस ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता पहलवान हिगुची रेई का समर्थन मिला है। हिगुची ने 57 किग्रा वर्ग में पेरिस में स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने ही भारत के अमन सहरावत को सेमीफाइनल में हराया था। उन्होंने अब विनेश को लेकर बयान दिया है। हिगुची ने 57 किग्रा फ्रीस्टाइल के सेमीफाइनल में भारत के अमन सेहरावत को हराकर फाइनल में प्रवेश किया और स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने विनेश की संन्यास की घोषणा पर टिप्पणी करते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, 'मैं आपका दर्द अच्छी तरह समझता हूं। बस 50 ग्राम। दूसरों की बातों की चिंता मत करो। जिंदगी चलती रहती है। असफलताओं से उबरना सबसे खूबसूरत चीज है। अच्छी तरह आराम करो।'