भारत की शीर्ष महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। उन्होंने शुक्रवार को खेले गए महिला एकल के कार्टर फाइनल में जापान की अकाने यामागुची को हराया। पहला सेट 16-21 से हारने के बाद सिंधु ने जबरदस्त वापसी की और दूसरा सेट 21-16 से अपने नाम किया। इसके बाद आखिरी सेट में कड़े मुकाबले में उन्होंने 21-19 से जीत हासिल कर ली।
इससे पहले भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप में शुक्रवार के दिन की शुरुआत अच्छी नहीं रही। यहां सबसे पहले युवा खिलाड़ी लक्ष्य सेन को क्वार्टरफाइनल में नीदरलैंड के मार्क कालजोऊ से 17-21 21-16 17-21 से हारकर बाहर होना पड़ा। 55 मिनट तक चले इस मुकाबले में सेन को हार का सामना करना पड़ा जिसके साथ ही पुरूष एकल में भारतीय चुनौती भी समाप्त हो गई।
वहीं अन्य मुकाबले में अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी की भारतीय महिला युगल जोड़ी भी क्वार्टरफाइनल में नीदरलैंड की सेलेना पीक और चेरील सीनेन से सीधे गेम में हारकर बाहर हो गई। विश्व में 30वें नंबर की भारतीय जोड़ी को 39 मिनट तक चले मैच में सेलेना और चेरील की 24वीं रैकिंग की जोड़ी से 22-24, 12-21 से हार का सामना करना पड़ा।
इससे पहले गुरुवार को पुरुष युगल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की विश्व में 10वें नंबर की जोड़ी दूसरे दौर में डेनमार्क के किम एस्ट्रुप और एंडर्स सकारुप रासमुसेन से 16-21, 21-11, 17-21 से हार गई। विश्व में 13वें नंबर की जोड़ी से यह उनकी लगातार दूसरी हार है। इससे पहले स्विस ओपन में भी उन्हें नीदरलैंड की जोड़ी से हार मिली थी।