भारतीय पुरुष टीम ने इस जीत के साथ ही ईरान और पाकिस्तान से पांच साल पहले मिली हार का भी बदला ले लिया। 2018 एशियाई खेलों में ईरान ने स्वर्ण और पाकिस्तान ने कांस्य जीता था। ईरान ने सेमीफाइनल में भारत को शिकस्त दी थी। वहीं, पाकिस्तान ने तीसरे स्थान के लिए मैच में भारत को हराया था। अब पांच साल बाद 2023 में भारत ने सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 61-14 से हराया। फिर फाइनल में ईरान को 33-29 से हराया और बदला पूरा किया। भारतीय महिला कबड्डी टीम ने फाइनल में चीनी ताइपे को 26-25 से हराया और स्वर्ण पर कब्जा जमाया।
एशियन गेम्स 2023 में भारतीय महिला टीम का सफर
भारतीय महिला कबड्डी टीम ने अपने अभियान की शुरुआत चीनी ताइपे के खिलाफ 34-34 के ड्रॉ से की थी। इसके बाद ग्रुप राउंड के अपने दूसरे मैच में दक्षिण कोरिया को 56-23 से हराया था। तीसरे और अपने आखिरी ग्रुप राउंड मैच में भारतीय महिला टीम ने थाईलैंड को 54-22 से हराया। इसके बाद सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने नेपाल को 61-17 यानी 44 अंकों के अंतर से शिकस्त दी। वहीं, फाइनल में भारतीय महिला टीम ने चीनी ताइपे पर एक अंत से जीत हासिल कर स्वर्ण पर कब्जा जमाया। जीत के बाद भारतीय खिलाड़ी भावुक भी हो गईं।
भारतीय महिला कबड्डी टीम
विवादों से भरा रहा भारत-ईरान फाइनल मुकाबला
कबड्डी में पुरुष टीम के फाइनल में भारत और ईरान के बीच जमकर विवाद हुआ। हालांकि, खिलाड़ी आपस में नहीं भिड़े। मैच रेफरी और दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच जमकर बहस हुई। कभी भारत के खिलाड़ी धरने पर बैठे तो कभी ईरान के खिलाड़ियों ने मैट पर बैठकर अपना विरोध जताया। मैच अधिकारी बार-बार अपना फैसला पलटते रहे।
जिस टीम ने ज्यादा दबाव बनाया फैसला उसी के पक्ष में हो गया। 40 मिनट में खत्म हो जाने वाला कबड्डी का मैच विवाद की वजह से लगभग एक घंटे कर रुका रहा। अंत में फैसला भारत के पक्ष में हुआ।
कबड्डी टीम से पहले एथलेटिक्स में नीरज चोपड़ा-किशोर जेना और ज्योति याराजी के भी मुकाबले विवादों में रह चुके हैं। कबड्डी विवाद के बारे में जानने के लिए यहां क्लिक करें...