पूर्व हैवीवेट मुक्केबाज माइक टायसन 58 साल की उम्र में फिर रिंग में उतरने को तैयार हैं। उनका जैक पॉल के साथ मुकाबला 15 नवंबर को टैक्सास में होगा। इससे पहले यह भिड़ंत 20 जुलाई को होनी थी लेकिन टायसन की तबीयत खराब होने पर यह मुकाबला टाल दिया गया था। टायसन का कहना है कि अब वह बेहतर हैं और दो-तीन हफ्ते पहले उन्होंने ट्रेनिंग शुरू कर दी है।
माइक टायसन
- फोटो : @MikeTyson
कभी दुनिया के सबसे खतरनाक मुक्केबाजों में शुमार होने वाले टायसन से जब पूछा गया कि वह इतने उम्रदराज होने के बाद उतर रहे हैं तो भरी प्रेस कॉन्फ्रेस में उन्होंने कहा कि मैं ही यह कर सकता हूं। मैं इस भिड़ंत के लिए पूरी तरह तैयार हूं।वर्ष 1987 से 1990 तक हैवीवेट चैंपियन रहे टायसन ने 2005 में खेल को अलविदा कह दिया था। उसके बाद 2020 में रॉय जानसन के खिलाफ एक प्रदर्शनी मैच के लिए वापसी की। उनकी वापसी को लेकर समर्थकों में बड़ा उत्साह है।
माइक टायसन
- फोटो : @MikeTyson
टायसन का करियर में 50-6 का जीत हार का रिकॉर्ड है, इनमें 44 जीत नॉकआउट हैं। उधर जैक पॉल का रिकॉर्ड 10-1 का है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपस्थित दर्शकों ने जहां टायसन का उत्साह बढ़ाया था वहीं जैक की हूटिंग की थी। जैक पॉल ने कहा कि टायसन अच्छे मुक्केबाज थे लेकिन बीस साल पहले। जैक ने कहा कि उन्हें पता है कि टायसन के खिलाफ जीत के बावजूद उन्हें इतनी प्रसिद्धि नहीं मिलेगी क्योंकि अब टायसन पुराने वाले टायसन नहीं हैं लेकिन यह है कि मेरा मुकाबला एक बड़े मंच पर ऐसे मुक्केबाज से हो रहा है जो मुझसे ज्यादा अनुभवी हैं। ज्यादा फाइट लड़ी हैं। इस भिड़ंत में मुझे बहुत कुछ सीखने को मिलेगा।