जियोटीवी पर ‘श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड’ नाम से एक नया चैनल शुरू किया गया है जिसमें सुबह और शाम होने वाली बाबा की विशेष आरती, अब श्रद्धालु जियोटीवी पर लाइव देख सकते हैं।
- फोटो : PTI
बाबा बर्फानी के भक्तों के लिए खास खबर है। अब भक्त अमरनाथ की वर्चुअल यात्रा कर सकेंगे। रिलायंस जियो ने इसके लिए जियोटीवी पर ‘श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड’ नाम से एक नया चैनल शुरू किया गया है जिसमें सुबह और शाम होने वाली बाबा की विशेष आरती, अब श्रद्धालु जियोटीवी पर लाइव देख सकेंगे। इतना ही नहीं भक्त अब वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग ऐप जियोमीट के जरिए लाइव पूजा, लाइव हवन आदि भी करा सकेंगे।
भक्तों को मिलेगा वर्जुअल पूजाघर
जियोमीट पर भक्तों को एक ऐसा वर्चुअल पूजाघर मिलेगा जिसमें भक्त के अलावा श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड का पुजारी भी वर्चुअली मौजूद होगा। पूजा या हवन पुजारी द्वारा पवित्र गुफा में भक्त के 'नाम' और 'गोत्र' के उच्चारण के साथ पूजा की जाएगी।
यहां से बुक होगा पूजा का समय
वर्चुअल लाइव पूजा को बोर्ड की वेबसाइट (www.shriamarnathjishrine.com) और बोर्ड के मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से बुक किया जा सकेगा। एक बार बुकिंग प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद, भक्तों को जियोमीट पर एक लिंक भेजा जाएगा और वे अपने विशिष्ट बुकिंग समय पर इसमें शामिल हो सकेंगे।
लगातार दो सालों से रद्द है अमरनाथ यात्रा
कोरोना वायरस के चलते जम्मू कश्मीर प्रशासन ने अमरनाथ यात्रा को रद्द करने का फैसला लिया था। अब लगातार पिछले दो सालों से कोरोना संक्रमण के कारण अमरनाथ यात्रा स्थगित की है। ऐसे में यह खबर बाबा के भक्तों के लिए किसी ऊर्जा से कम नहीं है।
जियो ने ऐसे तैयार किया है ढ़ाचा
बताया जा रहा है कि कठिन और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों में खराब मौसम के बावजूद रिलायंस जियो ने कुछ ही दिनों में लाइव स्ट्रीमिंग के लिए जरूरी बुनियादी ढ़ाचा खड़ा किया है। बैंडविड्थ के लिए अमरनाथ जी के बेस कैंप बालटाल से अमरनाथ गुफा तक कई किलोमीटर का फाइबर केबल डाला गया है जिसके जरिए जियो सहित अन्य यूजर्स भी अमरनाथ जी के दर्शनों का लाभ उठा सकेंगे।