Ganesh Chaturthi 2024: हिंदू धर्म में सावन और भादो माह को सबसे खास माना जाता है। ये दो महीने भगवान शिव और उनके परिवार की पूजा के लिए बहुत शुभ होते हैं। सावन, जो भगवान शिव की पूजा को समर्पित है। वहीं भाद्रपद, जिसमें भगवान गणेश की पूजा का विधान है। इस माह को गणेश जी के जन्म से जोड़ा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि पर भगवान गणेश का जन्म हुआ था। हर साल गणेश जी के जन्म को एक उत्सव की तरह मनाया जाता है, जो 10 दिनों तक लगातार चलता है।
इस साल गणेश चतुर्थी का उत्सव 7 सितंबर से शुरू होगा, जबकि गणेश विसर्जन 17 सितंबर, 2024 के दिन किया जाएगा। इस दिन ब्रह्म योग का निर्माण हो रहा है, और चित्रा नक्षत्र के साथ गणेश चतुर्थी का पर्व मनाया जाएगा। इस दौरान महाराष्ट्र में गणेश उत्सव की अलग रौनक देखने को मिलती हैं। चारों ओर जगह-जगह गणेश पंडालों में गणपति जी की विशाल प्रतिमा स्थापित की जाती है। वहीं आप भी अगर अपने घर में गणपति जी की स्थापना कर रहे हैं, तो उससे पहले कुछ जरूरी सामग्री को एकत्रित कर लें।