पत्रकार वार्ता करते चंदन राणा।
- फोटो : अमर उजाला
युवा कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय प्रशासन पर चहेतों के हितों को साधने का आरोप लगाया है। युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष नेगी निगम भंडारी और मीडिया विभाग के चेयरमैन डॉ. चंदन राणा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि विवि में हुई शिक्षकों की भर्तियों में गड़बड़ी के आरोप लगे हैं। पीएचडी में प्रवेश को लेकर विवि चर्चा में है। इससे लगातार विवि की साख गिरती जा रही है।
उन्होंने कहा कि विवि में बड़े पदों पर बैठे अधिकारियों के बच्चों को बिना परीक्षा पीएचडी में दाखिला देने का युवा कांग्रेस विरोध करती है। विवि के वीसी, संस्थान के निदेशक, एक डीन के बच्चों को जिस तरह से ईसी में मामला ले जाकर सीधे प्रवेश दिया गया है। उन्होंने इसे नियमों के खिलाफ करार दिया और कहा कि इस फैसले के बाद विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होते हैं।
पीएचडी में प्रवेश के लिए जारी विज्ञापन में लाडलों को विशेष आरक्षण और सीधे प्रवेश का कहीं कोई जिक्र नहीं था। एकाएक दो दिनों में फैसला लिया और लाडलों को पात्र बनाकर पीएचडी में बिना प्रवेश परीक्षा के प्रवेश भी दे दिया गया। भंडारी ने कहा कि इस तरह से अयोग्य लोगों को पीएचडी में सीधे प्रवेश देकर निश्चित तौर पर विवि का शोध का स्तर गिरेगा। इस दौरान हेमंत शर्मा, जयवर्धन खुराना, पंकज वर्मा, पवन चौहान, नितीश भंडारी, अंकुश कुमार, संदीप चौहान मौजूद रहे।