सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल सतीश कुमार ने कहा कि नौ जनवरी को दस्तावेज पूरे न होने के कारण कुछ युवा सेना भर्ती में शामिल नहीं हो पाए थे। इन्हें 13 जनवरी को फिर से मौका दिया गया था।
कुछ युवक रिजेक्ट होने के बाद फिर से फर्जी तरीके से एंट्री करना चाहते थे। इन्हें मैदान में आने से रोका गया। धरने पर बैठे करीब 500 युवाओं के दस्तावेज दोबारा से चेक किए गए। इनमें मात्र एक युवक के दस्तावेज सही पाए गए हैं।
इंदिरा मैदान चल रही सेना भर्ती में सोमवार को युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी। इंदिरा स्टेडियम ऊना में सेना भर्ती रैली के पांचवें दिन करीब 3733 युवाओं ने पंजीकरण करवाया था। सोमवार को सेना भर्ती में 2532 युवाओं ने अपनी किस्मत अजमाई। सेना भर्ती मैदान में युवकों ने 16 सौ मीटर दौड़, लांग जंप, बीम और जिग-जैग बेलेंस में अपना दमखम दिखाया। जिसमें 522 युवाओं ने मैदानी बाधा को पार कर लिया। सेना भर्ती रैली में आधी रात को युवाओं की एंट्री शुरू कर दी गई थी।
आधी रात को कड़ाके की ठंड में ठिठुरते हुए युवा लाइनों में अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए। शारीरिक मापदंड पूर करने के बाद सुबह तीन बजे की करीब युवाओं की दौड़ शुरू करवाई गई। कंपकंपाती ठंड में भी सेना भर्ती के लिए आए युवाओं का जोश कम नहीं हुआ। उधर, सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल सतीश कुमार ने बताया कि सेना भर्ती के पांचवें दिन के लिए 3733 युवाओं ने आवेदन किया था। जिसमें से 2532 युवाओं ने दौड़ लगाई। उन्होंने बताया कि 2532 युवाओं में से 522 युवाओं ने दौड़ पूरी की है।