जयराम ठाकुर और मोहित चौहान दिखाएंगे हरी झंडी अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। रिज मैदान से रविवार सुबह सैकड़ों युवा दौड़ लगाकर नशे के खिलाफ संदेश देंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा की ओर से आयोजित सेवा पखवाड़े के तहत नमो रन मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। रविवार सुबह 6:30 बजे शुरू होने वाली यह दौड़ रिज मैदान से चौड़ा मैदान आंबेडकर चौक तक होगी। मैराथन को पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्लेबैक सिंगर मोहित चौहान रिज मैदान से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। भाजपा जिला शिमला के अध्यक्ष केशव चौहान बताया कि देशभर में 75 स्थलों पर नमो युवा रन का आयोजन किया जा रहा है।
नमो युवा रन का उद्देश्य युवाओं को नशा मुक्त रहने, खेलों के प्रति आकर्षित करने और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिवस पर सामूहिक शुभकामनाएं देने का अवसर भी है। उन्होंने सभी युवाओं, कार्यकर्ताओं और नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस जन-जागरुकता अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने बताया कि मैराथन में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले धावकों को चौड़ा मैदान में ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।