रोजगार कार्यालयों में पंजीकरण करवाने वाले अभ्यर्थियों के लिए अहम खबर है। अभ्यर्थियों को संबंधित रोजगार कार्यालयों में अपना मोबाइल नंबर, आधार कार्ड और ईमेल आईडी अपडेट कराना होगा। विभाग की ओर से इसे हर अभ्यर्थी के लिए अनिवार्य किया गया है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विभाग की ओर से इंप्लायमेंट एक्सचेंज मैनेजमेंट सिस्टम (ईईएमआईएस) सॉफ्टवेयर को अपग्रेड कर दिया गया है। अपग्रेड सॉफ्टवेयर में प्रार्थी को अपना मोबाइल नंबर और आधार कार्ड अपडेट करना होगा। ऊना के रोजगार कार्यालयों में पंजीकृत सभी प्रार्थी अपना नवीनतम मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, आधार कार्ड नंबर अपडेट करवाने के लिए शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, बोनाफाइड प्रमाण पत्र की प्रतिलिपि लेकर संबंधित रोजगार कार्यालय में भी संपर्क करें ताकि समय पर उनका रिकॉर्ड अपडेट किया जा सके।
प्रार्थी किसी भी कार्य दिवस में सुबह 10:00 से शाम 05:00 बजे तक अधिक जानकारी के लिए संपर्क कर सकते हैं। बता दें कि ईईएमआइएस ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए रोजगार पोर्टल है। रोजगार कार्यालय में पंजीकरण के लिए इस पोर्टल में कोई भी प्रार्थी अपना अकाउंट आईडी बनाकर आवेदन फार्म खोल सकेगा। यहां मांगी गई जानकारी दर्ज करवाने के बाद फार्म की हार्ड कॉपी प्रार्थी के पास रहेगी। पंजीकरण के लिए रजिस्ट्रेशन नंबर होने से संबंधित रोजगार कार्यालय से पंजीकरण की जानकारी भी ली जा सकती है। बीते दिनों ऊना में भी इसे ट्रायल तौर पर शुरू किया गया था। अब इस साफ्टवेयर को अपग्रेड कर दिया गया है।
जरूरी है अपडेट
रोजगार कार्यालयों में अभ्यर्थियों को अपना उपरोक्त रिकॉर्ड अपडेट करवाना अनिवार्य है। इसके लिए युवा रोजगार कार्यालयों में संपर्क कर सकते हैं।
-अनीता गौतम, जिला रोजगार अधिकारी, ऊना।