वन मंत्री राकेश पठानिया का बुधवार सुबह सर्किट हाउस ऊना में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर हल्का बल प्रयोग कर मंत्री की गाड़ी को निकाला। इसके बाद पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) संजय कुंडू का पुतला जलाने को लेकर शहर की मुख्य सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा हो गया। ऊना-धर्मशाला हाईवे पर करीब 15 मिनट तक पुलिसकर्मी युकां कार्यकर्ताओं के पीछे पुतला छीनने के लिए भागते रहे, लेकिन कार्यकर्ताओं ने पुलिस को गच्चा देकर पुतले को आग लगा दी। पुलिसकर्मियों ने आसपास की दुकानों से पानी लाकर आग बुझाई। मुख्य सड़क के बीचोंबीच भागदौड़ से कई वाहन चालकों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया। इसके बाद वन मंत्री राकेश पठानिया की गाड़ी सर्किट हाउस पहुंची तो युकां कार्यकर्ता भी पहुंच गए।
मंत्री की गाड़ी के आगे बैठकर पुलिस भर्ती पेपर लीक होने के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। लगातार डीजीपी के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी करते रहे। पुलिसकर्मियों ने जैसे-तैसे कार्यकर्ताओं को उठाया और मंत्री की गाड़ी को निकाला। प्रदर्शन यहीं न थमकर ऊना-धर्मशाला हाईवे पर जा पहुंचा। कांग्रेस कार्यकर्ता इनोवा गाड़ी में डीजीपी का पुतला लेकर उसे जलाने पहुंच गए। पुलिस पुतले को कब्जे में लेकर जद्दोजहद करने लगी, लेकिन कार्यकर्ता पुलिस को हाईवे पर गाड़ी के पीछे घुमाते रहे। सड़क पर लंबा जाम लग गया। रोटरी चौक के पास अचानक कार्यकर्ताओं ने गाड़ी की स्पीड बढ़ाई और आग जाकर पुतले को आग लगा दी। उधर, युकां जिलाध्यक्ष राघव ठाकुर ने कहा कि पेपर लीक मामले में डीजीपी को इस्तीफा देना चाहिए। इस मामले में युकां आंदोलन तेज करेगी।
युकां पदाधिकारियों के खिलाफ केस
डीजीपी का पुतला जलाने के मामले में पुलिस ने युवा कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने तीन पदाधिकारियों को नामजद किया है। जबकि अन्य 15 से 20 कार्यकर्ताओं का उल्लेख एफआईआर में किया। पुलिस ने युवा कांग्रेस अध्यक्ष राघव ठाकुर, गगरेट युकां अध्यक्ष अमन ठाकुर, बसाल निवासी सुमित के अलावा 15 से 20 अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ आईपीसी की धारा 143, 341, 336 के तहत केस दर्ज किया है। एएसपी प्रवीण धीमान ने बताय कि मामले में जांच की जा रही है।