सर्दियों की छुट्टियों में बाहर घूमने का इरादा है लेकिन चोरों के डर से नहीं जा पा रहे हैं तो टेंशन फ्री हो जाए। आप अपने घर का कीमती सामान और जेवर नजदीक के पुलिस स्टेशन और चौकी में रख सकते हैं। घूम कर लौटेंगे तो आपका कीमती सामान सुरक्षित मिलेगा और आप बेखौफ होकर परिवार के साथ छुट्टियों का आनंद उठा सकते हैं।
सर्दियों की आहट के साथ ही शिमला शहर में चोरियां और सेंधमारी की वारदातें बढ़ने का खतरा रहता है। स्कूल और कॉलेज में छुट्टियां होने पर अक्सर लोग परिवार के साथ कुछ दिन बाहर घूमने निकल जाते हैं। मुहल्ले और गलियां सुनसान होती हैं। घरों पर ताले लगे होते हैं और इसी का फायदा उठाकर चोर घर से जेवरात लेकर फरार हो जाते हैं।
सर्दियों में चोरी की वारदातें कम करने की कवायद
हर आम शहरी को घर से बाहर जाते हुए यह डर सताता है कि कहीं लौटने पर बुरी खबर न मिले। लेकिन इस बार आप बेफ्रिक होकर सैर सपाटे के लिए जा सकते हैं। शिमला पुलिस आम लोगों से अपील करने जा रही है कि अगर आप थोड़े समय के लिए शहर से बाहर जा रहे हैं तो कीमती सामान बैंक के लॉकर में रखें अगर ऐसा संभव नहीं है तो थाने में भी जमा करवा सकते हैं। जिला पुलिस आम जनता को जागरूक करने के लिए प्रचार सामग्री भी बांट रही है।
चोरी और सेंधमारी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यह कदम उठाए जा रहे हैं। वितरित कर रहीं है। एसपी डीडब्ल्यू नेगी ने कहा कि सर्दियों में चोरियों और सेंधमारी की घटनाओं में इजाफा होने का अंदेशा ज्यादा रहता है। इसलिए आम लोगों को जागरूक किया जा रहा है। कुछ दिन के लिए अगर कोई परिवार के साथ बाहर घूमने जा रहा है तो वह जेवरात तथा अन्य कीमती सामान नजदीक के पुलिस स्टेशन में दे सकता हैं।
पुलिस के मुताबिक चोरियां रोकने के उपाय
-अपने घर, दुकान एवं व्यावसायिक परिसरों में सीसीटीवी कैमरे लगाएं
- एंटी थेफ्ट अलार्म लगाएं
-घर से बाहर जाने पर पड़ोसियों को जरूर बताएं
-यदि लंबे समय के लिए घर से बाहर जा रहे हैं तो पुलिस को सूचित करें
-कीमती जेवरात एवं अन्य सामान को बैंक लॉकर में रखें या अल्प अवधि
के लिए निकटतम थानों-चौकियों में जमा करवाएं
-अजनबी और संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना पुलिस को दें
-किसी भी व्यक्ति को काम पर रखने से पहले पुलिस सत्यापन जरूर करवाएं