बद्दी में होस्टल सील करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल के बद्दी में पंजाब की एक युवती के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद हड़कंप मच गया है। कोरोना के चलते लॉकडाउन के कारण युवती यहां फंसी थी। 26 अप्रैल को चंडीगढ़ में उपचार के बाद पास लेकर पंजाब के गुरदासपुर गई। उधर, युवती के पॉजिटिव आने के बाद बद्दी के कामकाजी महिला छात्रावास को सील कर दिया गया है। साथ ही उसके संपर्क में आई अन्य युवतियों के साथ बद्दी अस्पताल के कर्मचारियों के सैंपल लेने की तैयारी शुरू हो गई है।
लॉकडाउन-3 शुरू होते ही सोमवार को ही इलाके को ग्रीन जोन में लाया गया था। लोगों को कई प्रकार की रियायतें दी गई थीं, लेकिन बद्दी से पंजाब गई युवती के पॉजिटिव आने के बाद यह क्षेत्र फिर रेड जोन में आने की कगार पर आ गया है। अब विभाग युवती के संपर्क में आईं श्रम छात्रावास में रह रहीं युवतियों और महिलाओं समेत अस्पताल स्टाफ के टेस्ट लेगा। यदि कोई भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाया जाता है यह क्षेत्र एक बार फिर से रेड जोन में आ जाएगा।
यह इलाका कंटेनमेंट जोन घोषित हो जाएगा। उधर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता ने कहा कि विभाग युवती के संपर्क में आए लोगों की पहचान कर उन्हें क्वारंटीन करेगा। उनके सैंपल लेकर जांच की जाएगी। यदि युवती के संपर्क में आए लोगों में कोरोना संक्रमण पाया जाता है तो यह क्षेत्र फिर रेड जोन में आ जाएगा।