छत्तों के प्रबंधन, शहद उत्पादन की तकनीकों की मिलेगी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। मशोबरा स्थित यूको आरसेटी में महिलाओं के लिए 20 दिवसीय निशुल्क मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होगा। प्रशिक्षण में मधुमक्खियों की देखभाल, छत्तों के प्रबंधन, शहद उत्पादन, निकासी और प्रसंस्करण की तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा प्रतिभागियों को मधुमक्खी पालन में उपयोग होने वाले आवश्यक उपकरणों से भी परिचित कराया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम 5 अगस्त से यूको आरसेटी शिमला के मशोबरा-एक स्थित बीडीओ कार्यालय के पास शुरू होगा। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को बैंकिंग और वित्तीय साक्षरता संबंधी जानकारी भी दी जाएगी। संस्था की निदेशक शबनम कोमल ने बताया कि यह प्रशिक्षण ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि मधुमक्खी पालन कृषि आधारित लाभदायक व्यवसाय है। प्रशिक्षण में महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, हालांकि युवा भी इसमें भाग ले सकते है। इच्छुक अभ्यर्थी पंजीकरण के लिए 78077-28399 या 78077-85885 पर संपर्क कर सकते हैं। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए। साथ ही उनका बीपीएल परिवार, मनरेगा, अनुसूचित जाति वर्ग या स्वयं सहायता समूह से जुड़ा होना अनिवार्य है। सीटें सीमित हैं, इसलिए इच्छुक अभ्यर्थियों को जल्द पंजीकरण कराने की सलाह दी गई है।