एक ही काउंटर होने से दिक्कत, 20 दिन पहले आवेदन करने वालों को भी नहीं मिले अभी तक कार्ड
विज्ञापन
कई आवेदक लगा चुके हैं दो-दो बार चक्कर
प्रबंधन का आग्रह, मैसेज आने पर आएं काउंटर पर अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। एचआरटीसी की बसों में रियायती दरों पर सफर करने के लिए बनने वाले हिम बस पास कार्ड बनवाने के लिए लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालत यह है कि काउंटर पर लोगों की कतार लगी रहती हैं। इसके लिए पुराना बस अड्डा में एक ही काउंटर बना रखा है। कुछ लोगों ने 20 दिन पहले आवेदन कर रखा है लेकिन अभी तक कार्ड नहीं मिले हैं।
27 श्रेणियों के लोग ऑनलाइन हिम बस कार्ड के लिए आवेदन करने के बाद कार्ड लेने के लिए एचआरटीसी के पुराना बस स्टैंड के काउंटर पर पहुंच रहे हैं लेकिन यहां उन्हें निराशा हाथ लग रही है। कई लोगों का कहना है कि उन्हें आवेदन किए हुए एक महीने तक का समय हो गया है। इसके बावजूद उनके कार्ड प्रिंट होकर नहीं आए हैं। इसको लेकर कई लोग कई बार काउंटर के चक्कर लगा चुके हैं। वहीं निगम प्रबंधन के मुताबिक बिना जानकारी के अभाव में लोग परेशान हो रहे हैं। उन्होंने पहले ही आवेदकों को कहा है कि कार्ड प्रिंट होने का मैसेज आने के बाद ही लेने के लिए काउंटर पर आएं। इसके बावजूद हर रोज बड़ी संख्या में लोग कार्ड लेने के लिए काउंटरों के धक्के खा रहे हैं। प्रबंधन का कहना है कि लोग बिना मैसेज आए ही कार्ड प्राप्त करने पहुंच जाते हैं, जिससे अव्यवस्था और अधिक बढ़ जाती है। एचआरटीसी के प्रबंधक निदेशक निपुण जिंदल ने बताया कि लोगों की सुविधा के लिए अतिरिक्त प्रिंटर की व्यवस्था की जाएगी। लोगों से अपील है कि मोबाइल फोन पर मैसेज मिलने के बाद ही कार्ड लेने के लिए काउंटर पर आएं।
विज्ञापन
दस जनवरी को किया आवेदन, नहीं मिला कार्ड
तारादेवी निवासी नीतिका ठाकुर ने बताया कि हिम बस कार्ड बनवाने के लिए दस जनवरी को ऑनलाइन आवेदन किया था लेकिन अभी तक कार्ड बनकर नहीं आया है। इसके लिए दो बार काउंटर पर आ चुकी हूं। लोगों को परेशानी न हो, इसको देखते हुए एचआरटीसी प्रबंधन को अतिरिक्त व्यवस्था करनी चाहिए।
कार्ड बनवाने के कार्य में लाएं तेजी
पायल ने बताया कि हिम बस पास बनवाने के लिए लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मैंने भी 10 जनवरी को आवेदन किया था और दो दिन पहले ही कार्ड बनकर तैयार हुआ है। आज मैं अपनी सहेली का कार्ड लेने आईं हूं। प्रबंधन को लोगों की सुविधा को देखते हुए अतिरिक्त काउंटर और स्टाफ की व्यवस्था करनी चाहिए।
जानकारी न होने से हुई दिक्कत
उर्मिला ने कहा कि हिम बस पास प्रदेश में लाखों महिलाओं और अन्य विभिन्न वर्गों के बनाए जाने हैं। इसको देखते हुए एचआरटीसी प्रबंधन को इस कार्य में तेजी लानी चाहिए। हमें इस बात की जानकारी नहीं थी कि कार्ड प्रिंट होने का मैसेज आने के बाद ही काउंटर पर आना होगा।
अतिरिक्त काउंटर की व्यवस्था करें
बबली रावत ने कहा कि एचआरटीसी को लाखों लोगों की सुविधा को देखते हुए पुराना बस स्टैंड समेत अन्य क्षेत्रों में अतिरिक्त काउंटर शुरू करना चाहिए। इसके साथ ही आवेदन के समय ही यह बता दिया जाए कि मैसेज आने के बाद ही काउंटर पर आना है, तो लोग बेवजह परेशान नहीं होंगे।