हैंडबाल खेल के क्षेत्र में कई मुकाम हासिल करने के बाद अब हिमाचल महिला हैंडबॉल टीम ने एक और इतिहास रचा है। हैंडबाल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में छह से नौ मई तक पंजाब के संगरूर में करवाए जा रहे फेडरेशन कप में प्रदेश की महिला टीम पहली बार भाग ले रही है।
टीम का चयन हाल ही में पुणे में हुए सीनियर नेशनल के दौरान हुआ था। इसमें देश भर की बेस्ट आठ टीमें भाग ले रही हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश की टीम भी शामिल है। टीम में निधि, दीक्षा, दीपशिखा, शालिनी ठाकुर, पल्लवी, ईशा, मेघा, महिमा ठाकुर, हर्षा, दीपा, प्रियंका ठाकुर, प्रिया, रितिका चौहान, आरती, बबिता और रितिका धीमान शामिल हैं, जबकि टीम इंचार्ज ज्योति हैं।
गौरतलब है कि 2015 में प्रदेश की महिला हैंडबाल टीम ने संगरूर में ही आयोजित जूनियर नेशनल में सिल्वर मेडल हासिल किया था। इसके अलावा टीम की खिलाड़ी निधि और दीक्षा इंडिया टीम में भी खेल चुकी हैं।
प्रदेश की महिला हैंडबाल टीम को प्रशिक्षित करने में कोच स्नेहलता का बहुत बड़ा योगदान रहा है, जो कि इंटरनेशनल खिलाड़ी रह चुकी हैं। उधर, हिमाचल प्रदेश हैंडबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष और सदर के विधायक बंबर ठाकुर तथा महासचिव श्याम लाल कौंडल ने टीम को बधाई दी।