लाहौल जिले के गोंधला क्षेत्र की कोरोना पीड़ित एक जीवित महिला को मृत घोषित कर दिया। उक्त महिला का उपचार कुल्लू जिले के तेगूबेहड़ कोविड सेंटर में चल रहा है। केलांग स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसकी रिपोर्ट जारी की गई थी।
रविवार शाम जारी रिपोर्ट से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। जब इस रिपोर्ट की सूचना मरीज के परिजनों को मिली तो उनके पांव तले जमीन खिसक गई। परिजनों ने इसके बाद लाहौल-स्पीति स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जवाब मांगा है।
जानकारी के अनुसार लाहौल के गोंधला क्षेत्र की एक कोरोना पॉजिटिव महिला को 19 नवंबर को मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर किया था। कुल्लू पहुंचने पर महिला मरीज की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद परिजनों ने उसे कुल्लू के तेगूबेहड़ स्थित कोविड सेंटर में ही भर्ती कर दिया। रविवार शाम को स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में महिला को मृत बता दिया गया।
महिला के रिश्तेदार राजीव गुलेपा ने बताया कि उनकी बुआ तेगूबेहड़ कोविड सेंटर में उपचाराधीन है। उनका स्थिति अब सामान्य है, उधर, लाहौल-स्पीति के कार्यकारी सीएमओ डॉ. एमएल बंधू ने कहा कि अस्पताल प्रबंधन ने यह रिपोर्ट ऑनलाइन पोर्टल से उठाई थी। जिसे शिमला या फिर जिला से अपडेट किया जाता है।