लोक संगीत, नृत्य, फैशन शो और स्टार नाइट होंगे आकर्षण का केंद्र
विज्ञापन
पहली संध्या पर मुख्यमंत्री सुक्खू करेंगे शिरकत
संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। ऐतिहासिक रिज मैदान पर होने वाले विंटर कार्निवल को लेकर नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। क्रिसमस की छुट्टी को देखते हुए नगर निगम ने कार्यक्रम में बदलाव करते हुए कार्निवल की शुरुआत 25 दिसंबर की जगह अब 24 दिसंबर से शुरू करने का निर्णय लिया है।
कार्निवल 31 दिसंबर तक चलेगा। महापौर सुरेंद्र चौहान ने यह जानकारी दी है। महापौर ने बताया कि इस बार कार्निवल को अधिक आकर्षक और भव्य बनाने की योजना तैयार की गई है। विंटर कार्निवल में हिमाचली लोक संगीत, पारंपरिक नृत्य और हिमाचली परिधानों पर आधारित फैशन शो विशेष आकर्षण होंगे। इसके साथ ही हर दिन होने वाली स्टार नाइट पर्यटकों के लिए मनोरंजन का बड़ा केंद्र रहेंगी। नगर निगम पहली संध्या पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने की तैयारी कर रहा है। नगर निगम शहर के रिज मैदान और मालरोड को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाएगा। इसके अलावा चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मुंबई समेत देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले हजारों पर्यटकों को ध्यान में रखकर व्यवस्थाएं दुरुस्त करनी शुरू कर दी हैं। निगम का कहना है कि विंटर कार्निवल के माध्यम से शिमला आने वाले सैलानियों को अनोखा और यादगार अनुभव उपलब्ध करवाया जाएगा। पिछले वर्ष यह विंटर कार्निवल 10 दिन तक चला था जबकि इस बार इसे आठ दिन किया जा रहा है। निगम का कहना है कि जल्द ही सरकार के अलावा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकर इसकी अंतिम रूप रेखा तैयार की जाएगी।
सजावटी, स्टेज शो के लिए लगाए टेंडर
नगर निगम ने हेरिटेज भवनों को सजाने के लिए रंग बिरंगी लाइटों, स्टेज शो, सेल्फी प्वाइंट समेत अन्य कार्यों के टेंडर लगा दिए हैं। निगम का कहना है कि इसके जरिये अन्य लोगों को भी काम मिलेगा। कामों को लेकर जो आरोप-प्रत्यारोप पूर्व में लगते रहे हैं, वह भी खत्म हो जाएंगे।