एक दिवसीय क्रिकेट मैच के लिए 16 अक्तूबर को धर्मशाला पहुंचने वाली भारत और वेस्टइंडीज टीमों का स्वागत सर्द हवाएं करेंगी। इस सीरीज के पहले दो मैच कोची और दिल्ली की गर्मी में खेलने वाली टीम इंडिया को इस साल की सर्दियों का एहसास पहली बार धर्मशाला में होगा।
इसका कारण ये है कि धौलाधार पर बर्फ की सफेद चादर बिछने के बाद यहां का तापमान शृंखला के बाकी वैन्यू से करीब 10 डिग्री सेल्सियस कम है। दूसरा, हुदहुद भी यहां के मौसम को बिगाड़ सकता है। हालांकि, मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 17 को मौसम साफ रहेगा।
विज्ञापन
आजकल धर्मशाला में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तो अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा है, जबकि शिमला में यह रेंज 12 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच है।
17 अक्टूबर को होगा डे नाइट मैच
धौलाधार की गोद में स्थित धर्मशाला स्टेडियम में 17 अक्तूबर को डे-नाइट मैच होगा। यानी 14 डिग्री सेल्सियस में दोनों टीमों को मैच खेलना है।
संभव है गर्म जर्सी में ये मैच हो। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने भी सर्दियों के हिसाब से तैयारियां कर ली हैं। टीमों को होटल द पवेलियन में ठहराया जाएगा और यहां कमरों में रूम हीटर भी दिए जा रहे हैं।
हालांकि, इससे पहले दोनों ही टीमें एसी और पंखे की हवा खाकर यहां आ रही हैं। एचपीसीए अध्यक्ष अनुराग ठाकुर कहते हैं कि धर्मशाला का तापमान बाकी स्टेडियमों से बेहद अलग है।
इसलिए हमें इस बार भी सर्दियों के लिहाज से तैयारी करनी पड़ रही है। दोनों देशों के खिलाड़ियों के लिए भी ये एहसास होगा कि सर्दियां आ गई हैं।
एचपीसीए का धर्मशाला स्टेडियम धौलाधार के स्नो जोन में है। यहां हर सर्दी में बर्फ गिरने की संभावना रहती है। इस लिहाज से बीसीसीआई के पास ये एकमात्र मैदान है, जहां बर्फ गिरती है। जनवरी 2012 में हुई बर्फबारी में पूरे मैदान ने सफेद चादर ओढ़ ली थी। तब आईपीएल के बहाने पूरी दुनिया में इस मैदान ने तारीफ पाई थी।
मैच वैन्यू तापमान: पहला वनडेकोची 25 से 27 डिग्री दूसरा वनडे दिल्ली 23 से 35 डिग्री तीसरा वनडेविशाखापटनम हुदहुद के कारण रद्द चौथा वनडे धर्मशाला 14 से 26 डिग्री पांचवां वनडे कोलकाता 24 से 29 डिग्री