मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि राज्य सरकार सभी कॉलेजों में वाईफाई सुविधा शुरू करेगी। राज्य सरकार शीघ्र ही वाईफाई सेवा के लिए राज्यस्तरीय नीति लागू करेगी। इससे टेलीकॉम संचालकों को शहरी क्षेत्रों में वाईफाई उपकरण स्थापित करने में मदद मिलेगी और हिमाचल इस नीति को लागू करने वाला पहला राज्य भी बन जाएगा।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने यह बात सोमवार को राज्य विधानसभा परिसर में कही। उन्होंने इस अवसर पर पालमपुर शहर के लिए निशुल्क वाईफाई सेवा भी शुरू की। पालमपुर शहर में 51 वाईफाई स्थलों की स्थापना की गई है। रिलायंस जिओ की ओर से दी गई इस सुविधा से पालमपुर शहर राज्य का पूर्ण रूप से वाईफाई सुविधायुक्त पहला शहर बन गया है।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और सूचना प्रौद्योगिकी और सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स ने रिलायंस जिओ के प्रयासों की सराहना भी की। मुख्यमंत्री के सूचना प्रौद्योगिकी सलाहकार गोकुल बुटेल ने जानकारी दी कि अभी तक राज्य के 21 राजकीय महाविद्यालयों, माल रोड मनाली, कोतवाली बाजार धर्मशाला और 17 बस अड्डे वाईफाई सुविधा से जुड़ चुके हैं।